मेडिकल भत्ते को 500 से बढ़ाकर 1000 रुपए करने और कम्यूट पेंशन की रिकवरी 12 वर्ष में बंद करने का आग्रह
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
हिमाचल प्रदेश राजकीय सेवानिवृत्त अध्यापक संघ की पांवटा साहिब इकाई की मासिक बैठक शनिवार को पीएम श्री कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के प्रांगण में अध्यक्ष गुरदियाल सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई। बैठक का संचालन महासचिव सुरजीत सिंह सैनी ने किया। बैठक में सेवानिवृत्त अध्यापकों की पिछले तीन वर्षों से लंबित समस्याओं पर चर्चा की गई। संघ ने प्रदेश सरकार से जुलाई 2023 से जुलाई 2026 तक की डीए की सात लंबित किस्तें एरियर सहित जारी करने की मांग की। साथ ही लंबित मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए बजट उपलब्ध करवाने और 500 रुपए मासिक फिक्स्ड मेडिकल भत्ते को बढ़ाकर 1000 रुपए करने का आग्रह किया।
संघ ने कम्यूट पेंशन की रिकवरी 15 वर्ष के बजाय 12 वर्ष में बंद करने तथा 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पर मिलने वाली अतिरिक्त पेंशन को मूल पेंशन में समाहित करने की मांग भी उठाई। संशोधित पेंशन के एरियर की 15 और 30 प्रतिशत किस्तों में अदायगी के लिए सरकार का आभार जताया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 12 दिसंबर को सम्मान समारोह आयोजित कर 75 और 80 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। बैठक में रविंद्र कुमार, याद राम, भूषण शर्मा, किशन सिंह पतवाल, देवेंद्र सिंह, कल्याण सिंह, खजान सिंह, ध्यान सिंह, प्रीतम सिंह, प्रवीण, चंद्र प्रकाश, ओम प्रकाश, मोहम्मद शरीफ, मनोज, श्रवण, श्याम चंद, राजेंद्र, आरबी, खेम चंद, प्रियपाल, नेक चंद, दिलबाग आनंद और मंगत राम सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।