हरिपुर टोहाना में हॉर्न बजाने को लेकर विवाद; बस ऑपरेटरों-ग्रामीणों ने दो घंटे तक रोका ट्रैफिक, तीन आरोपी गिरफ्तार
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा-डाकपत्थर मुख्य मार्ग पर हरिपुर टोहाना में निजी बस चालक से मारपीट और कंडक्टर का कैश बैग छीनने के आरोपों के बाद बुधवार को तनाव की स्थिति बन गई। घटना से आक्रोशित बस ऑपरेटरों और स्थानीय ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक चक्का जाम कर दिया, जिससे सडक़ पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद जाम खुलवाया। शिकायतकर्ता धनवीर सिंह उर्फ बब्बू निवासी आगरों ने बताया कि वह पिछले 25 वर्षों से अवनी बस (एचपी 71-2608) चला रहे हैं। उनके अनुसार, 21 अक्तूबर को सुबह करीब 8:20 बजे हरिपुर टोहाना में हॉर्न बजाने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि एक बुजुर्ग और दो युवकों ने उन्हें बस से नीचे खींचकर डंडे से सिर पर वार किया तथा लात-मुक्कों से मारपीट की। एफआईआर के अनुसार, इस दौरान सांप्रदायिक टिप्पणियां करने और जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप हैं। वहीं, बस कंडक्टर कपिल का कैश बैग छीनने की शिकायत भी दर्ज करवाई गई है। घटना की सूचना मिलते ही बस ऑपरेटरों और ग्रामीणों ने सडक़ जाम कर प्रदर्शन किया। डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति संभाली। पुलिस ने अख्तर अली, दिलशाद और संजय खान को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।