दूध-मिठाइयों के सैंपल भरे, क्वालिटी पर नजर

मिठाइयों और दूध के 11 सैंपल भरेे, दिवाली, भैया दूज और करवाचौथ पर मिठाइयों की गुणवत्ता पर रहेगी नजर

निजी संवाददाता-सोलन
त्योहारों का मौसम शुरू होते ही बाजारों में मिठाइयों और दूध से बने उत्पादों की मांग बढऩे लगी है। ऐसे में लोगों की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने भी कमर कस ली है। दिवाली, भैया दूज और करवाचौथ के मद्देनजर नगर निगम सोलन क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए विभागीय टीम ने निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बाजार से दूध, डेयरी उत्पादों और विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के कुल 11 सैंपल एकत्र किए गए हैं। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा, नगर निगम सोलन, डॉ. अतुल कायस्थ ने बताया कि विभाग का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना है। विभाग की ओर से लिए गए सैंपलों में भैंस के दूध का एक, गाय के दूध के दो, पैक्ड दूध का एक, दही का एक, गाय के घी का एक और पनीर का एक सैंपल शामिल है। डाक्टर कायस्थ ने बताया कि विभाग चीनी, वनस्पति, मैदा, बेसन और खोया सहित अन्य कच्चे माल की गुणवत्ता पर भी ध्यान दे रहा है। मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता का सीधा असर अंतिम उत्पाद पर पड़ता है। ऐसे में विभागीय टीम बाजारों में निरीक्षण के दौरान निर्धारित मानकों को ध्यान में रख रही है।

पनीर के सैंपल में खामी


डाक्टर अतुल कायस्थ ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है। यदि प्रयोगशाला जांच में कोई सैंपल निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विक्रता को 30 दिनों के भीतर अपना जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।