एसडीएम को सौंपा ज्ञापन; ईएसआई, समय पर वेतन, नौकरी की सुरक्षा और अन्य सुविधाओं की उठाई मांग
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब नगरपालिका परिषद के सफाई कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को एसडीएम द्विज गोयल को शिकायत पत्र सौंपा। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कई वर्षों से काम करने के बावजूद उन्हें ईएसआई सुविधा नहीं मिल रही है। बीमारी की स्थिति में इलाज का पूरा खर्च उन्हें अपनी जेब से उठाना पड़ता है। कर्मचारियों ने यह भी शिकायत की कि उन्हें हर माह 10 से 15 दिन की देरी से वेतन मिलता है, जिससे परिवार का खर्च चलाना और बच्चों की फीस भरना मुश्किल हो जाता है।
कर्मचारियों के अनुसार, कई कर्मचारी पांच से दस वर्षों से लगातार सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें नियमित नहीं किया गया। उन्होंने सरकार के नियमों के अनुसार पात्र कर्मचारियों को नियमित करने की मांग की। साथ ही वर्तमान स्टाफ को हटाकर अन्य लोगों को लाभ पहुंचाने की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। कर्मचारियों ने एसडीएम से सभी पात्र कर्मचारियों को ईएसआई सुविधा देने, हर माह पांच तारीख तक वेतन जारी करने और नौकरी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा सकते हैं। इससे शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। एसडीएम द्विज गोयल ने बताया कि कर्मचारियों ने उनसे मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखी हैं। वह नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष से इस संबंध में बात करेंगे।