संत बाबा बाल जी महाराज आश्रम कोटला कलां में संगोष्ठी

योगदान एक पहल’ संस्था की इस पहल ने महिलाओं को एक साथ मिलकर त्योहार मनाने का दिया संदेश
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
गोमाता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के उद्देश्य से चलाए जा रहे गो सम्मान आह्वान अभियान को लेकर संत बाबा बाल जी महाराज आश्रम, कोटला कलां में संगोष्ठी आयोजित की गई। राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज ने कहा कि लोग अपनी गायों को बेसहारा छोड़ देते हैं, जिससे वे सडक़ों पर घूमती हैं और दुर्घटनाओं का शिकार होती हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी गायों की उचित देखभाल करनी चाहिए। साथ ही, उन्होंने सरकार से गोहत्या पर रोक लगाने और गौ माता के संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं भी गौ माता के प्रति प्रेम और सेवा का संदेश देती हैं। स्वामी गोपेश दास जी महाराज ने कहा कि पिछले एक वर्ष से संतों और गौभक्तों के सहयोग से देशभर में गौ सम्मान आह्वान अभियान चलाया जा रहा है।

इसका उद्देश्य भारत को गोहत्या से मुक्त करवाना और गोवंश को सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान दिलाना है। उन्होंने केंद्र में गो सेवा मंत्रालय के गठन, गोवंश की सुरक्षा के लिए कठोर केंद्रीय कानून बनाने तथा गो आधारित कृषि, शिक्षा और चिकित्सा को बढ़ावा देने की मांग की। उन्होंने बताया कि अभियान के दो चरण पूरे हो चुके हैं। तीसरे चरण के तहत 17 दिसंबर 2026 को शिमला में मुख्य सचिव के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, सभी मुख्यमंत्रियों और राज्यपालों के नाम करोड़ों हस्ताक्षरों के साथ प्रार्थना पत्र सौंपने का लक्ष्य रखा गया है। दोनों संतों ने गौभक्तों से अभियान में बढ़-चढक़र भाग लेने के लिए आह्वान किया।