घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर बढ़ेगा बिल का बोझ, जल प्रबंधन निगम ने सरकार को भेजा प्रस्ताव
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला में पेयजल की दरों में 10 फीसदी बढ़ोतरी हो सकती है। शिमला जल प्रबंधन निगम के निदेशक मंडल से मंजूरी मिलने के बाद प्रस्ताव प्रदेश सरकार को भेज दिया गया है। सरकार की स्वीकृति मिलते ही घरेलू उपभोक्ताओं के साथ होटल, रेस्तरां और अन्य व्यावसायिक संस्थानों के पानी के बिल बढ़ जाएंगे। हालांकि, नई दरें सरकार की मंजूरी के बाद ही लागू होंगी। शहर में पानी की दरें खपत के अलग-अलग स्लैब के आधार पर तय हैं। घरेलू श्रेणी में 20 हजार लीटर तक पानी इस्तेमाल करने वालों के लिए मौजूदा दर 21.23 रुपए प्रति हजार लीटर है। प्रस्तावित 10 फीसदी बढ़ोतरी के बाद यह करीब 23.35 रुपए हो सकती है। वहीं, 30 हजार लीटर से अधिक खपत पर मौजूदा 65.89 रुपए की दर बढक़र करीब 72.48 रुपये हो सकती है। व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए भी पानी महंगा होने की संभावना है। 20 हजार लीटर तक खपत पर मौजूदा 58.56 रुपए प्रति हजार लीटर की दर बढक़र करीब 64.42 रुपए हो सकती है। अधिक पानी इस्तेमाल करने वाले होटल और अन्य संस्थानों को भी ज्यादा भुगतान करना पड़ेगा।
विश्व बैंक की शर्तों के तहत होता है संशोधन
शिमला में पेयजल दरों में हर साल विश्व बैंक की शर्तों और दिशा-निर्देशों के तहत संशोधन किया जाता है। निगम के अनुसार, परियोजना की प्रगति की समीक्षा और किस्त जारी करने की प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों से जुड़ी है। इन शर्तों को पूरा नहीं करने पर परियोजना की अगली किस्त प्रभावित हो सकती है। फिलहाल निगम को प्रदेश सरकार की मंजूरी का इंतजार है। सरकार की स्वीकृति के बाद ही बढ़ी हुई दरों और उनके लागू होने की स्थिति स्पष्ट होगी।