व्रत के चलते ब्यूटी पार्लर और दुकानों पर कम रही ग्राहकों की आवाजाही
स्टाफ रिपोर्टर – दौलतपुर चौक
बाजार की रौनक आखिर किसके दम पर है, इसका नजारा करवाचौथ के दिन दौलतपुर चौक में देखने को मिला। करवाचौथ की पूर्व संध्या पर जहां महिलाओं की खरीददारी से बाजार गुलजार रहे और लाखों रुपए का कारोबार हुआ, वहीं गुरुवार को व्रत के चलते बाजारों की रौनक अचानक फीकी पड़ गई। महिलाओं के घरों में रहने का असर ऐसा दिखा कि ब्यूटी पार्लर, मनियारी, मिठाई, खान-पान और कपड़ों की दुकानों तक में ग्राहकों की आवाजाही बेहद कम रही। बाजार में पसरे सन्नाटे ने व्यापारियों को भी यह अहसास करवा दिया कि त्योहारों के सीजन में महिलाओं की खरीदारी बाजार की अर्थव्यवस्था को कितनी गति देती है।
एक दिन पहले भीड़ थी
एक दिन पहले तक जहां दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ थी, वहीं गुरुवार को दुकानदार खाली समय में ग्राहकों का इंतजार करते नजर आए। महिलाओं के साथ पुरुष ग्राहकों की आवाजाही में भी कमी रही, जिससे बाजार की रफ्तार थमी हुई दिखाई दी।
अब धनतेरस पर टिकी व्यापारियों की उम्मीदें
व्यापार मंडल के प्रधान राजीव राजू ने बताया कि करवा चौथ पर बाजार में अच्छा कारोबार हुआ है। अब व्यापारियों को धनतेरस से काफी उम्मीदें हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजार में खरीदारी बढऩे से कारोबार को गति मिलती है और व्यापारियों को अच्छे व्यवसाय की आस रहती है। करवाचौथ के एक दिन पहले की चहल-पहल और व्रत वाले दिन की खामोशी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि त्योहारों के बाजार में महिलाओं की खरीददारी कारोबार की बड़ी ताकत है। अब देखना होगा कि धनतेरस पर दौलतपुर चौक का बाजार एक बार फिर ग्राहकों की भीड़ से कितना गुलजार होता है।