मकलोडगंज में पारंपरिक नृत्य और प्रार्थनाओं से गूंजा तिब्बती मंदिर, तिब्बती धर्मगुरु का हुआ भव्य स्वागत
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – धर्मशाला
मकलोडगंज स्थित मुख्य तिब्बती मंदिर चुगलाखंग में बुधवार को तिब्बति धर्मगुरु दलाईलामा की दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना के लिए विशेष प्रार्थना समारोह आयोजित किया गया। इसमें करीब पांच हजार अनुयायियों ने भाग लिया। नोरबुलिंगका संस्थान, तिबेतन इंस्टीच्यूट ऑफ परफॉर्मिंग आट्र्स और नेपाल तिबेतन ल्हामो एसोसिएशन की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित समारोह में धार्मिक अनुष्ठान के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। धौलाधार की बर्फ से ढकी चोटियों के बीच दलाईलामा निवास से मुख्य तिब्बती मंदिर पहुंचे। यहां पारंपरिक तिब्बती वेशभूषा में सजे कलाकारों ने ताशी शोल्पा नृत्य प्रस्तुत कर उनका स्वागत किया। समारोह में पांचवें दलाईलामा द्वारा रचित अमितायु साधना पर आधारित अनुष्ठान किया गया और धर्मगुरु की दीर्घायु के लिए विशेष प्रार्थनाएं की गईं। समारोह की अध्यक्षता लिंग रिन्पोछे ने की। अंत में दलाईलामा ने खुले गोल्फ कार्ट से मंदिर परिसर से गुजरते हुए श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया।