मेले के लिए प्रशासन ने पूरी की तैयारियां, आज से 24 घंटे होंगे माता रानी के दर्शन

स्टाफ रिपोर्टर – चिंतपूर्णी
विश्व विख्यात धार्मिक स्थल माता श्री चिंतपूर्णी शक्तिपीठ में आज से शारदीय नवरात्र मेले का विधिवत आगाज हो रहा है। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए माता के दरबार को दुल्हन की तरह सजाया गया है। मंदिर को आकर्षक देसी और विदेशी फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है, जिससे दरबार की अलौकिक छटा देखते ही बन रही है। कानपुर के एक श्रद्धालु तिलक राज शर्मा द्वारा फूलों की सेवा का कार्य किया गया है। इस सजावट कार्य के लिए 12 सदस्य टीम कार्य कर रही है तो वहीं दूसरी तरफ मंदिर परिसर में लाइटिंग की सजावट का कार्य समीर मित्तल जो कि फिरोजपुर पंजाब से संबंध रखते हैं पिछले कई वर्षों से माता की सेवा में कार्य कर रहे हैं। प्रशासन ने दावा किया है कि श्रद्धालुओं के स्वागत और सुविधा के लिए सभी प्रकार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए माता रानी का दरबार 24 घंटे खुला रहेगा।

प्रसाद मिलेगा
उधर, पंजाब व अन्य राज्यों से लंगर संस्थाएं भी श्रद्धालुओं की सेवा के लिए चिंतपूर्णी पहुंच गई हैं। लंगर में श्रद्धालुओं के लिए व्रतधारी भोजन सहित सभी प्रकार के व्यंजनों का प्रसाद परोसा जाएगा।

तैयारियां पूरीं
मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाग करने बताया कि शारदीय नवरात्रों के आयोजन को लेकर प्रशासन द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई है।