ताला तोडऩे के औजारों से भरा बैग बना अहम सुराग, आरोपियों को तीन दिन का रिमांड, छानबीन में जुटी पुलिस
स्टाफ रिपोर्टर-गगरेट
गगरेट कस्बे के प्रसिद्ध गोरखा बाबा मंदिर में ताले तोडक़र भगवान के गहने चोरी करने वाले दो आरोपियों को गगरेट पुलिस ने गिरफ्तार कर चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया है। शातिर चोरों की एक छोटी-सी चूक ही उनकी गिरफ्तारी का कारण बन गई। वारदात को अंजाम देने के बाद मंदिर से कुछ दूरी पर छोड़ा गया उनका बैग पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ। बैग में ताला तोडऩे के लिए इस्तेमाल की गई रॉड और एक दराट बरामद हुआ था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात कबूल कर ली है। शनिवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। अब पुलिस रिमांड के दौरान चोरी किए गए गहनों की बरामदगी के प्रयास किए जाएंगे। गोरखा बाबा मंदिर में हुई चोरी की वारदात को सुलझाना पुलिस के लिए आसान नहीं था। एसएचओ रमेश चंद ने इस वारदात को गंभीरता से लिया। चोर वारदात को अंजाम देने के बाद मंदिर से चुराया गया कुछ सामान आसपास ही फेंक गए थे।
आरोपी अदालत में पेश
शनिवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। अब पुलिस रिमांड के दौरान चोरी किए गए गहनों की बरामदगी के प्रयास किए जाएंगे। गोरखा बाबा मंदिर में हुई चोरी की वारदात को सुलझाना पुलिस के लिए आसान नहीं था। एसएचओ रमेश चंद ने इस वारदात को गंभीरता से लिया। चोर वारदात को अंजाम देने के बाद मंदिर से चुराया गया कुछ सामान आसपास ही फेंक गए थे। इसी दौरान वे अपना बैग भी वहीं भूल गए, जिसमें ताले तोडऩे के लिए इस्तेमाल किए गए औजार रखे हुए थे। पुलिस ने बैग को कब्जे में लेकर जांच शुरू की और गगरेट कस्बे में लगे कुछ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही बैग के संबंध में स्थानीय लोगों से भी
पूछताछ की गई।
आरोपियों से होगी गहन पूछताछ
डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि गोरखा बाबा मंदिर में हुई चोरी के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। उन्होंने कहा कि रिमांड के दौरान चोरी किए गए गहनों की बरामदगी के साथ-साथ आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जाएगी।
बैग के सुराग से पुलिस आरोपियों तक पहुंची
जांच के दौरान पुलिस को इनपुट मिला कि कस्बे में इसी तरह के बैग के साथ एक युवक को देखा गया था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने गगरेट निवासी पंकज जसवाल को पूछताछ के लिए बुलाया। शुरुआत में पंकज ने चोरी की वारदात में शामिल होने से इनकार कर दिया, लेकिन पुलिस के सवालों के जवाब देने में वह उलझता चला गया। इसके बाद पुलिस ने उससे गहन पूछताछ की तो उसने ज्योति जसवाल का नाम भी उजागर किया। इसके आधार पर पुलिस ने कलोह निवासी ज्योति जसवाल और पंकज जसवाल को गिरफ्तार कर लिया।
गहने बरामद करने में जुटी पुलिस
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस चोरी किए गए गहनों की बरामदगी में जुट गई है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि मंदिर से चोरी किए गए गहने कहां छिपाए गए हैं। इसके अलावा पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों आरोपी क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों में शामिल रहे हैं या नहीं। वहीं पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।