पूर्व विधायक स्व. सदानंद चौहान को दी श्रद्धाजंलि

कार्यालय संवाददाता-नाहन
प्रदेश में लोक जनशक्ति पार्टी अथवा लोजपा के नाहन विधानसभा क्षेत्र से एकमात्र विधायक रहे दिवंगत सदानंद चौहान को उनकी जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि और पुष्पाजंलि अर्पित की गई। वहीं, इस अवसर पर मेडिकल कालेज नाहन में रक्तदान शिविर का भी लगाया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढक़र हिस्सा लेते हुए 40 यूनिट रक्तदान किया। प्रदेश में लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और दिवंगत विधायक सदानंद चौहान के सुपुत्र नितिन चौहान ने इस दौरान उन राष्ट्रीय स्तर के शूटिंग के खिलाडिय़ों को सम्मानित किया, जिन्होंने प्रदेश और जिला का नाम राइफल निशानेबाजी में देश भर में चमकाया है। लोजपा प्रदेश अध्यक्ष राइफल निशानेबाजी में स्वयं भी उम्दा खिलाड़ी हैं। वहीं, वह प्रदेश में राइफल निशानेबाजी को प्रमोट भी कर रहे हैं। इस दौरान यहां राइफल निशानेबाजी में राष्ट्रीय मेडल हासिल करने वाले खिलाड़ी सुरेश कुमार, राजेश, अभिमन्यु चौहान को मेडल देकर सम्मानित किया।
उन्होंने इस अवसर पर तीनों खिलाडिय़ों को 51-51 हजार की राशि प्रदान करने की भी घोषणा की। इस दौरान हिमाचल प्रदेश राज्य राइफल संघ के महासचिव ईश्वर रोहल भी मौजूद रहे।