किसान अपने नजदीक के लोकमित्र केंद्र में आधार कार्ड – खसरा नंबर लेकर फ्री में करवाएं रजिस्ट्रेशन
कार्यालय संवाददाता – हमीरपुर
हमीरपुर जिला में किसानों की यूनिक आईडी बनाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। अब तक जिला भर में साढ़े 44 हजार से अधिक किसानों की यूनिक आईडी बनाई जा चुकी है। किसानों को एक ह ते के अंदर यूनिक आईडी बनाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उन्हें पहले की तरह बीज और उपकरणों पर सबसिडी मिलती रहे। बिना यूनिक आईडी के किसी भी किसान को सबसिडी पर कोई भी बीज व उपकरण नहीं मिलेंगे। बता दें कि भारत सरकार का कृषि विभाग डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के तहत हरेक किसान की ऑनलाइन यूनिक आईडी बनाई जा रही है।
इसमें किसानों के रजिस्ट्रेशन का कार्य जोरों पर चल रहा है। कृषि विभाग हमीरपुर को जिला भर के 75 फीसदी किसानों की यूनिक आईडी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत 49,560 किसानों की यूनिक आईडी बनाई जाएगी। अब तक जिला भर में 44,500 किसानों की यूनिक आईडी बनाई जा चुकी है। किसानों को लगातार यूनिक आईडी बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जिला के सभी किसानों को यह यूनिक आईडी बनाना जरूरी है। इसके अलावा विभाग की स्कीमें भी किसानों को यूनिक आईडी के बिना नहीं मिल पाएगी।
केंद्र सरकार की एग्री स्टैक योजना के तहत किसानों की एक यूनिक आईडी बनाई जा रही है। अब तक जिला भर में साढ़े 44 हजार किसानों की यूनिक आईडी बनाई जा चुकी है
डा. डीडी शर्मा, उपनिदेशक, कृषि विभाग हमीरपुर
यूनिक आईडी से ही मिलेगा योजनाओं का लाभ
आने वाले समय में यह प्रत्येक किसान के लिए जरूरी हो जाएगी कि वह अपने यूनिक आईडी बनाएं। इस डिजिटल आईडी से किसानों को बहुत फायदे होंगें। पीएम किसान, फसल बीमा और खाद-बीज पर मिलने वाली सबसिडी सीधे खाते में और बिना किसी देरी के मिलेगी और बार-बार पटवारी या दफ्तरों के चक्कर काटकर भूमि दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
ब्लॉक में किसानों को बिना किसान आईडी के नहीं दिए जा रहे बीज
कृषि विभाग के ब्लॉकों मेंं बीज इत्यादि लेने के लिए पहुंच रहे किसानों को भी किसान आईडी बनाने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। किसानों को साफ शब्दों में कहा जा रहा है कि बिना किसान आईडी को उन्हें ब्लॉकों में कोई भी बीज या उपकरण सबसिडी पर नहीं मिलेंगें। ऐसे में किसान जल्द से जल्द अपने नजदीक लोकमित्र केंद्र या फिर अपने मोबाइल के जरिए किसान आईडी बनाना सुनिश्चित करें।