गगरेट में यूरिया के लिए मचा हाहाकार

पंजीकरण और क्यूआर कोड ने रोकी खाद की राह, बढ़ी परेशानी
स्टाफ रिपोर्टर-गगरेट
उपमंडल गगरेट में पहले से ही यूरिया की किल्लत झेल रहे किसानों की मुश्किलें अब नई सरकारी व्यवस्था ने और बढ़ा दी हैं। जिन किसानों को खाद उपलब्ध भी हो रही है, वे चाहकर भी यूरिया नहीं खरीद पा रहे हैं। खाद लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य किए जाने के बाद अब क्यूआर कोड और ऑनलाइन डाटा सत्यापन किसानों के लिए बड़ी बाधा बन गया है। हालात यह हैं कि कई किसानों की फार्मर रजिस्ट्री होने के बावजूद विक्रय केंद्रों पर उनका रिकॉर्ड ऑनलाइन सत्यापित नहीं हो पा रहा है। ऐसे में खाद के लिए दर-दर भटक रहे किसानों की चिंता बढ़ गई है। दरअसल, केंद्र सरकार की नई व्यवस्था के तहत किसानों को सब्सिडी पर मिलने वाले बीज और खाद के लिए पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। इसके लिए किसानों को कई औपचारिकताओं से गुजरना पड़ रहा है। खाद खरीदने की प्रक्रिया में बढ़ती औपचारिकताओं का असर अब खाद विक्रय केंद्रों पर भी दिखने लगा है। बताया जा रहा है कि नई व्यवस्था के चलते कई खाद एजेंसियों ने खाद रखना ही बंद कर दिया है। दूरदराज के क्षेत्रों में जहां खाद उपलब्ध है।

प्रेम विवाह से नाराज होकर युवक से मारपीट
ऊना। हरोली क्षेत्र में प्रेम विवाह से नाराज होकर युवक से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। ऊना क्षेत्र के एक 25 वर्षीय युवक ने शिकायत में बताया कि उसने 13 अक्तूबर को हरोली क्षेत्र की युवती से प्रेम विवाह किया था। अगले दिन वह पत्नी और साली के साथ ससुराल में मौजूद था। आरोप है कि इस दौरान पत्नी के चाचा और पंजाब के नंगल निवासी दो व्यक्ति वहां पहुंचे और विवाह को लेकर बहस करने लगे। इसी दौरान ईंट का टुकड़ा सिर पर मारने और मारपीट करने से वह घायल हो गया। पत्नी ने उसे अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। पंडोगा पुलिस ने अस्पताल में युवक के बयान दर्ज किए और मेडिकल करवाया। एसपी सचिन हिरेमथ ने बताया कि पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।