बिजली की कटौती हमें अब मंजूर नहीं

टाहलीवाल में अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान, जनप्रतिनिधियों ने सौंपा ज्ञापन, प्रदर्शन की दी चेतावनी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल में बार बार हो रही अघोषित बिजली कटौती से परेशान जनप्रतिनिधियों ने पूर्व जिला पार्र्षद कमल सैणी की अगवाई में विद्युत विभाग के एसडीओ अभिषेक चंदेल को ज्ञापन सौंपकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई है। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि क्षेत्र में बिना पूर्व सूचना के बिजली कट लगाए जाने से आम जनता, विद्यार्थियों और औद्योगिक इकाइयों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में जनप्रतिनिधियों ने बताया कि विद्युत विभाग की ओर से प्रत्येक सोमवार को मरम्मत कार्य के नाम पर लंबे समय तक बिजली बंद रखी जाती है। इसके बावजूद अब अन्य दिनों में भी बार-बार अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। इससे लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं, वहीं औद्योगिक इकाइयों के कामकाज पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

जनप्रतिनिधियों का कहना है कि बिजली की बार बार आवाजाही से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और आम लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। टाहलीवाल एक प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है, ऐसे में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से उद्योगों के कामकाज पर असर पडऩा स्वाभाविक है। उन्होंने विद्युत विभाग से मांग की कि मरम्मत या अन्य आवश्यक कार्यों के लिए बिजली बंद करना जरूरी हो, तो इसकी सूचना पहले से दी जाए, ताकि लोग अपने जरूरी कार्यों की योजना बना सकें। साथ ही, अनावश्यक और अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाकर क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो स्थानीय लोग एकजुट होकर बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।