श्रीरेणुकाजी क्षेत्र के कोटीधिमान में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने लोगों की समस्याओं का किया समाधान
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – नाहन
उद्योग, संसदीय कार्य, श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने गुरुवार को जिला के श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के कोटीधिमान ग्राम पंचायत में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उद्योग मंत्री ने कहा कि ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम जनता और सरकार के बीच संवाद, सहभागिता और विश्वास को और अधिक मजबूत करने का महत्त्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि जब सरकार गांव की चौखट तक पहुंचती है, तो लोकतंत्र केवल शासन व्यवस्था तक सीमित नहीं रहता, बल्कि जनसेवा का जीवंत स्वरूप बन जाता है। उन्होंने कहा कि ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम का मूल उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं और आवश्यकताओं को उनके घरद्वार के समीप सुनना तथा उनका यथासंभव मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है। प ग्रामीण क्षेत्रों में सडक़, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों ने समस्याएं एवं मांगें प्रशासन तथा सरकार के समक्ष रखीं, जिनमें से अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। इससे पूर्व उन्होंने ददाहू स्थित गोशाला का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर श्रीरेणुकाजीक्षेत्र के विधायक विनय कुमार ने उद्योग मंत्री का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कोटीधिमान में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम आयोजित करने का उद्देश्य रेणुकाजी क्षेत्र के दूरदराज क्षेत्रों सहित कोटीधिमान क्षेत्र की सात पंचायतों के लोगों को सरकार एवं प्रशासन से सीधे संवाद का अवसर प्रदान करना है। कार्यक्रम के दौरान 20 इंतकाल, 10 एफिडेविट तथा 15 विभिन्न प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसके अतिरिक्त छह शिकायतें एवं 37 मांगें प्राप्त हुई, जिन पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। 49 लोगों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की इस अवसर पर उपायुक्त प्रियंका वर्मा, , राजीव सांख्यान, विक्रम ठाकुर, दर्शन पुंडीर, अन्य उपस्थित रहे।