करियर अकादमी के खेलोत्सव में दिखा दमखम

उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने विजेताओं को किया सम्मानित, आर्कटिक हाउस ने जीती बेस्ट हाउस ट्रॉफी

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
करियर अकादमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल नाहन की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन चंबा ग्राउंड में उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने खेल प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। उद्घाटन समारोह में विद्यालय के चेयरमैन एसएस राठी और निर्मला राठी मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य राजेश सोलंकी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिता में लडक़ों और लड़कियों के लिए 100 व 200 मीटर दौड़, रिले रेस, बोरी दौड़, बाधा दौड़, कबड्डी, खो-खो और फुटबॉल सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं।

विद्यालय की निदेशक मधुलिका राठी और कल्पना राठी ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। समापन समारोह में उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रदर्शन और आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों में भाग लेना भी जरूरी है। इस दौरान विजेताओं को सम्मानित किया गया। आर्कटिक हाउस ने बेस्ट हाउस ट्रॉफी, जबकि इंडियन हाउस ने बेस्ट मार्चपास्ट का पुरस्कार जीता। छात्र वर्ग में दिवाकर (सातवीं), अंशुल (दसवीं बी) और दक्ष (11वीं आट्र्स) और छात्रा वर्ग में अंशिका ठाकुर (आठवीं ए), रिधिमा (दसवीं बी) और वर्षा (12वीं आट्र्स) को बेस्ट एथलीट चुना गया। कबड्डी में प्रतियोगिता बैच और फुटबॉल में रेगुलर बैच विजेता रहे। विद्यालय प्रबंधन ने आयोजन में सहयोग देने वाले शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों और सभी सहयोगियों का आभार जताया।