लंबित वित्तीय देनदारियों को लेकर पेंशनरों का फूटा गुस्सा, प्रदेश सरकार को दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
निजी संवाददाता-कोठीपुरा
हिमाचल प्रदेश के पेंशनरों ने अपनी लंबित वित्तीय देनदारियों के भुगतान की मांग को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को हिमाचल प्रदेश पेंशनर फेडरेशन की जिला बिलासपुर इकाई ने जिलाधीश कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन कर सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर की। इस दौरान पेंशनरों ने सरकार के खिलाफ जमकर रोष जताते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी लंबित मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन के दौरान हिमाचल प्रदेश पेंशनर फेडरेशन के स्टेट सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अमरनाथ धीमान ने कहा कि प्रदेश सरकार पेंशनरों की लंबित वित्तीय देनदारियों का भुगतान करने में लगातार देरी कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 से जनवरी 2022 तक के एरियर, मेडिकल बिल, ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट सहित करोड़ों रुपये के वित्तीय लाभ अभी तक पेंशनरों को नहीं मिल पाए हैं। पेंशनरों ने पूरी जिंदगी सरकार की सेवा में बिताई, लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें अपने ही हकों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। अमरनाथ धीमान ने कहा कि पेंशनर धरना-प्रदर्शन और करने के पक्ष में नहीं हैं, अनदेखी के चलते उन्हें सडक़ों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। 11 नवंबर से प्रदेश में विभिन्न पेंशनर संगठनों की ओर से अलग-अलग दिनों में क्रमिक धरने शुरू किए।