तीस लाख का बजट, फिर भी लोगों को सडक़ की हालत सुधरने का इंतजार

निजी संवाददाता-स्वारघाट
एक तरफ सरकार ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सडक़ सुविधा देने के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूसरी तरफ बैहल-किकरवाली संपर्क सडक़ की बदहाली इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। हैरानी की बात यह है कि वर्ष 2007 में अस्तित्व में आई इस सडक़ पर आज तक एक बार भी टायरिंग नहीं हो पाई है। करीब 19 वर्षों से अधिक समय बीत जाने के बावजूद सडक़ की हालत ऐसी हो चुकी है कि पक्की सडक़ भी अब कच्चे रास्ते जैसी दिखाई देने लगी है। सडक़ पर जगह-जगह पड़े गहरे गड्ढे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। सवाल यह उठता है कि आखिर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की नजर इस सडक़ पर क्यों नहीं पड़ी? यदि अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं तो आज तक सडक़ की हालत सुधारने के लिए ठोस कदम क्यों नहीं उठाए गए? जिला बिलासपुर के लोक निर्माण विभाग की स्वारघाट सब-डिवीजन के अंतर्गत आने वाली यह संपर्क सडक़ बैहल और कोडांवाला पंचायतों के दर्जनों गांवों को आपस में जोड़ती है। इतना ही नहीं, यह सडक़ पंजाब के श्री आनंदपुर साहिब और कीरतपुर साहिब जाने वाले लोगों के लिए भी एक महत्वपूर्ण शॉर्टकट मार्ग है। लोगों को बदहाल सडक़ से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।