दूसरे शिक्षक की जांच न होने से भडक़े ग्रामीण

ग्रामीणों का आरोप, पारवा-ल्वागो स्कूल में दोनों शिक्षकों के देरी से पहुंचने की थी शिकायत, एक निलंबित

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
राजकीय प्राथमिक पाठशाला पारवा-ल्वागो में एक अध्यापक के निलंबन के बाद ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया है। सखौली पंचायत के पारवा-ल्वागो गांव के लोगों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर दूसरे अध्यापक को बचाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने विद्यालय के दोनों अध्यापकों के सुबह 11 बजे तक अनुपस्थित रहने और देरी से स्कूल पहुंचने की शिकायत की थी। इसके बाद विभाग ने जांच शुरू की, लेकिन कार्रवाई के दौरान केवल एक अध्यापक के पिछले एक महीने के उपस्थिति रिकॉर्ड की जांच की गई।

दूसरे अध्यापक का रिकॉर्ड नहीं खंगाला गया। ग्रामीणों नारायण सिंह, नरेश कुमार, सुनील कुमार, अशोक कुमार, अजय कुमार, संदीप कुमार, अमित कुमार, दया राम, बस्ती राम, विनोद कुमार, जगत सिंह, सुरेंद्र सिंह और कुंदन सिंह ने सवाल उठाया कि जब एक अध्यापक की हाजिरी की जांच हुई तो दूसरे का रिकॉर्ड क्यों नहीं देखा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी दूसरे अध्यापक को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि दोनों अध्यापकों की समान रूप से निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो वे मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे और धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने दोषी पाए जाने पर दोनों के खिलाफ समान कार्रवाई की मांग की है।