पेड़ से गिरा 11 साल का बच्चा, मौके पर मौत

तीन बहनों का इकलौता भाई था अनिकेत; खाई में गिरने से गई जान, कटारी गांव में मातम
निजी संवाददाता-नोहराधार
गिरिपार क्षेत्र की ग्राम पंचायत लाणी बोराड के कटारी गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 11 वर्षीय अनिकेत की जान चली गई। घर के समीप पेड़ पर चढ़े बच्चे का अचानक संतुलन बिगड़ा और वह गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि अनिकेत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मासूम की मौत से परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार अनिकेत पुत्र प्रताप सिंह बुधवार को घर के समीप एक पेड़ पर चढ़ा हुआ था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गहरी खाई में जा गिरा। गंभीर चोटें लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अनिकेत चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा और परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी तीन छोटी बहनें हैं।

बेटे की अचानक मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। अनिकेत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटी बोंच में छठी कक्षा का छात्र था। वह पढ़ाई में होनहार होने के साथ स्कूल की अन्य गतिविधियों में भी बढ़-चढक़र भाग लेता था। छात्र की असामयिक मौत पर स्कूल के प्रधानाचार्य कृष्ण पराशर और एसएमसी अध्यक्ष टीआर निंटा ने गहरा दुख जताया। प्रधानाचार्य ने कहा कि अनिकेत प्रतिभाशाली विद्यार्थी था। उसकी मौत से स्कूल स्टाफ और सहपाठी भी सदमे में हैं। नायब तहसीलदार जय कृष्ण ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही संबंधित पटवारी को घटनास्थल पर भेज दिया गया है। राजस्व विभाग की टीम हादसे की रिपोर्ट तैयार कर रही है। रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित परिवार को नियमानुसार फौरी राहत प्रदान की जाएगी।