फाइनल मुकाबले में धारटीधार टीम बनी चैंपियन

कार्यालय संवाददाता -पांवटा साहिब
पांवटा साहिब के नगर परिषद मैदान पांवटा साहिब में पिछले एक सप्ताह से चल रहे छठे वीएस चौधरी मेमोरियल डे.नाइट कॉस्मो क्रिकेट टूर्नामेंट का रविवार देर रात भव्य समापन हो गया। हजारों दर्शकों की मौजूदगी में खेले गए फाइनल मुकाबले में धारटीधार की टीम ने पांवटा वॉरियर्स को 5 विकेट से हराकर इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।फाइनल मुकाबले में पांवटा वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। टीम ने निर्धारित 8 ओवर में 5 विकेट खोकर 63 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। बल्लेबाजों ने बीच-बीच में अच्छे शॉट्स खेले लेकिन धारटीधार के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए रन गति पर अंकुश लगाए रखा।64 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी धारटीधार की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। सलामी बल्लेबाजों ने तेजी से रन बटोरे और मात्र 7 ओवर में 3 विकेट खोकर 69 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। अंतिम ओवर से पहले ही धारटीधार ने मैच अपने नाम कर लिया जिस पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में पांवटा वॉरियर्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सैंणवाला को 18 रन से हराया था। इस मैच में पांवटा वॉरियर्स ने 6 ओवर में 72 रन बनाए थे। जिसके जवाब में सैंणवाला की टीम 54 रन पर 4 विकेट ही बना पाई। एक अन्य क्वार्टर फाइनल में धारटीधार ने यंग ब्लड्स को 39 रन से हराया था। धारटीधार ने 71 रन बनाए थे। जबकि यंग ब्लड्स 32 रन पर ही ढेर हो गई थी। ेमुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध समाजसेवी कुलदीप चौधरी और ’विशेष अतिथि के रूप में इंद्रजीत सिंह मिक्का’ ने शिरकत की। दोनों अतिथियों का आयोजक समिति द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया ।मुख्य अतिथि कुलदीप चौधरी और विशेष अतिथि इंद्रजीत सिंह मिक्का ने विजेता टीम धारटीधार को विजेता ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।