दिव्य हिमाचल ब्यूरो-हमीरपुर
उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ कहे जाने वाले बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में इस बार शनिवार और रविवार को श्रद्धालुओं की खूब रौनक देखने को मिली। छुट्टी के दिनों में बाबा जी के दर्शन करने के लिए प्रदेश सहित पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दियोटसिद्ध पहुंचे। जानकारी के मुताबिक लगभग 24 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा बालक नाथ मंदिर में शीश नवाया। नवंबर माह में सर्दियों के मौसम में इतनी भीड़ होना बड़ी बात माना जा रहा है। यही नहीं श्रद्धालुओं की ओर से मंदिर में चढ़ावा भी दिल खोलकर चढ़ाया गया। जुटाई गई जानकारी के मुताबिक मंदिर न्यास को 39 लाख 95 हजार की राशि चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुई है।
इसके साथ ही सोना, चांदी और विभिन्न देशों की विदेशी करेंसी भी भक्तों द्वारा बाबा बालक नाथ के मंदिर में अर्पित की गई। बता दें कि बाबा बालक नाथ मंदिर में वर्षभर श्रद्धालु आते रहते हैं। शनिवार और रविवार को मंदिर में भक्तों की सं या में अधिक होती है, लेकिन इस बार काफी अधिक भीड़ देखने को मिली। मंदिर न्यास कार्यालय की ओर से 16 नवंबर, 2026 को जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार शनिवार और रविवार को मंदिर में नकद चढ़ावे तथा अन्य माध्यमों से कुल 39,95,025 रुपए की राशि एकत्रित हुई। इसमें श्रद्धालुओं की ओर से 19,88,374 रुपए नकद चढ़ावे के रूप में अर्पित किए गए। वहीं, बकरों की नीलामी से मंदिर न्यास को 3,75,500 रुपए की राशि प्राप्त हुई। इस तरह नकद चढ़ावे और बकरों की नीलामी को मिलाकर कुल 23,63,874 रुपए की राशि प्राप्त हुई। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं ने 16,31,151 रुपए दान के रूप में मंदिर में अर्पित किए।