बिजली बोर्ड कर्मचारियों को भी मिले ओपीएस

विद्युत तकनीकी कर्मचारी संघ नालागढ़ की बैठक में उठी पुरानी पेंशन की मांग, भारतीय मजदूर संघ ने सरकार को दी धरना-प्रदर्शन की चेतावनी

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ़
हिमाचल प्रदेश विद्युत तकनीकी कर्मचारी संघ नालागढ़ ने बिजली बोर्ड के कर्मचारियों को भी पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) का लाभ देने की मांग उठाई है। संघ ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को ओपीएस का लाभ दिया गया है, लेकिन बिजली बोर्ड और जिला परिषद के कर्मचारी अभी भी इससे वंचित हैं। कर्मचारियों ने सरकार से इस विसंगति को दूर कर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया। वहीं, भारतीय मजदूर संघ ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की लंबित मांगों पर सरकार ने जल्द वार्ता शुरू नहीं की तो प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। विद्युत विश्राम गृह नालागढ़ में आयोजित बैठक की अध्यक्षता संघ के स्थानीय अध्यक्ष एवं सचिव ने की। भारतीय मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष मदन राणा मुख्यातिथि और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य देशराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के शुभारंभ पर देविंदर संधू ने मुख्यातिथि मदन राणा को शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद कर्मियों की समस्याओं और लंबित मांगों पर चर्चा की गई।