शूलिनी में अटल कम्युनिटी इनोवेशन सेंटर शुरू

कृषि, फूड प्रोसेसिंग और महिला उद्यमिता के जरिए मशरूम की खेती और नकदी फसलों में मौजूद अवसरों पर की चर्चा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-सोलन
शूलिनी यूनिवर्सिटी ने 17 नवंबर को अपने कैंपस में अटल कम्युनिटी इनोवेशन सेंटर की शुरुआत की। इसका उद्देश्य स्थानीय समुदायों को यूनिवर्सिटी की रिसर्च, टेक्नोलॉजी, प्रयोगशालाओं और इनक्यूबेशन सपोर्ट की मदद से उत्पाद और व्यवसाय विकसित करने में सहायता करना है। अटल इनोवेशन मिशन के प्रोग्राम डायरेक्टर, प्रमित डैश इस कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए। इनके अलावा, सोलन के डिप्टी कमिश्नर मन मोहन शर्मा और हिमाचल प्रदेश के उद्योग विभाग की संयुक्त निदेशक दीपिका खत्री भी इस कार्यक्रम में मौजूद थीं।इस केंद्र में फूड प्रोसेसिंग की सुविधाएं, पैकेजिंग और लेबलिंग का बुनियादी ढांचा, मेकरस्पेस, को-वर्किंग स्पेस, एक कम्युनिटी लैब और बायोटेक्नोलॉजी लैब उपलब्ध होंगी। यहां रिसर्च सपोर्ट, प्रोडक्ट डेवलपमेंट, प्रोटोटाइपिंग, इनक्यूबेशन और मार्केट लिंकेज (बाज़ार तक पहुंच) की सुविधा भी मिलेगी। इसके पांच प्राथमिकता वाले क्षेत्र हैं-खाद्य पदार्थ, मसाले और कृषि उत्पाद; होमस्टे और ग्रामीण पर्यटन; टेक्सटाइल और हथकरघा; हस्तशिल्प और प्राकृतिक रेशे; तथा हर्बल और प्राकृतिक देखभाल (नेचुरल-केयर) उत्पाद। सोलन के डिप्टी कमिश्नर, मन मोहन शर्मा ने कहा कि यह केंद्र स्थानीय युवाओं और समुदायों के लिए अवसर पैदा कर सकता है।

इस पहल से आस-पास के गांवों को फायदा हो सकता है, खासकर फूड प्रोसेसिंग और महिला उद्यमिता के जरिए। उन्होंने मशरूम की खेती और अन्य नकदी फसलों में मौजूद अवसरों पर भी चर्चा की।हिमाचल प्रदेश के उद्योग विभाग की संयुक्त निदेशक, दीपिका खत्री ने राज्य की जैव विविधता और कृषि संसाधनों को नवाचार (इनोवेशन) का आधार बताया। स्थानीय लोगों की भागीदारी पर जोर देते हुए उन्होंने पूछा, स्थानीय चुनौतियों को स्थानीय इनोवेटर्स से बेहतर और कौन सुलझा सकता है। संस्थापक-चांसलर प्रो. पीके खोसला ने बताया कि शूलिनी यूनिवर्सिटी की नींव तीन स्तंभों पर टिकी है: शिक्षण, अनुसंधान और नवाचार। इन क्षेत्रों को मजबूत करने से यह संस्थान समाज में और अधिक योगदान दे सकेगा।प्रो-चांसलर वाइस चांसलर प्रो. अतुल खोसला ने कहा, हमारा सपना सिर्फ एक यूनिवर्सिटी बनाना नहीं था, बल्कि एक ऐसी जगह बनाना था जहां नए विचार, नए शोध और नए उद्यम शुरू हो सकें। स्टार्टअप और तकनीक सामाजिक चुनौतियों का समाधान करने के साथ-साथ आर्थिक समृद्धि भी ला सकते हैं।शूलिनी पहल फाउंडेशन के राहुल बहादुर ने हिमाचल प्रदेश की उस क्षमता के बारे में बात की, जिससे राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण इनोवेशन किए जा सकते हैं।इस केंद्र को शूलिनी पहल फाउंडेशन (एक सेक्शन 8 संस्था) और डीएसटी समर्थित इनक्लूसिव टेक्नोलॉजी बिजनेस इनक्यूबेटर का सहयोग मिलेगा।