समरहिल के युवाओं ने चार घंटे में समेटा 145 किलो कचरा

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए अक्सर नगर निगम की जिम्मेदारी की बात होती है, लेकिन समरहिल में रविवार को युवाओं और स्थानीय लोगों ने ऐसा उदाहरण पेश किया, जिसने स्वच्छता की जिम्मेदारी का असली मतलब समझा दिया। यहां महज चार घंटे में 25 प्रतिभागियों ने मिलकर 145 किलो सूखा कचरा एकत्रित किया। खास बात यह रही कि इस मुहिम में दो नन्हे स्वयंसेवकों ने भी बढ़-चढक़र हिस्सा लिया और बड़ों के साथ कदम से कदम मिलाकर स्वच्छता का संदेश दिया। यूथ फॉर वॉलंटरी एक्शन इन हिमाचल (यूवाह) की ओर से शुरू किए गए ‘स्वच्छ समुदाय जिम्मेदारी मिशन’ के तहत सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक समरहिल के अलग-अलग क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया गया। इसमें हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के समाज कार्य एवं विधि विभाग के विद्यार्थियों, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों, स्थानीय निवासियों और सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने भाग लिया। अभियान के दौरान कम्युनिटी हॉल, लोअर समरहिल बाजार, समरहिल रेलवे स्टेशन, मेवेला, आर्ट ट्रेक स्कूल क्षेत्र और शिव बॉडी तक सफाई अभियान चलाया गया। स्वयंसेवकों ने जगह-जगह बिखरी प्लास्टिक की बोतलें, कागज, गत्ते, पैकेजिंग सामग्री और अन्य सूखा कचरा एकत्रित किया। इस दौरान गीले कचरे के बजाय विशेष रूप से सूखे कचरे को अलग से एकत्रित करने पर ध्यान दिया गया, ताकि लोगों को कचरे के सही पृथक्करण और प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जा सके।

इस अभियान का सबसे आकर्षक पहलू दो नन्हे स्वयंसेवकों की भागीदारी रही। बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि स्वच्छता की जिम्मेदारी उम्र नहीं, बल्कि सोच और इच्छाशक्ति तय करती है। अभियान का आयोजन यूवाह की ओर से रीता, सुधांशु, अवंतिका और अन्य टीम सदस्यों ने कार्तिक व अभिनव के सहयोग से किया। नगर निगम शिमला के वार्ड नंबर पांच के पार्षद वीरेंद्र ठाकुर (टीना) ने भी अभियान में सहयोग दिया। इसके अलावा समरहिल कम्युनिटी वेलफेयर सोसायटी के मोहिंदर ठाकुर, नीरज शर्मा, वेस्ट वॉरियर्स सोसायटी शिमला, विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने योगदान दिया। आयोजक रीता ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का सामूहिक दायित्व है। 145 किलो सूखा कचरा एकत्रित करना इस मुहिम की शुरुआत है। इसे स्थानीय समुदाय और नगर निगम के सहयोग से नियमित अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण से जोडक़र ही स्वच्छ और जिम्मेदार समाज बनाया जा सकता है।