दो या इससे अधिक कनेक्शन वाले घरों का होगा सर्वे, सप्लाई लाइनों सहित मीटरों की भी होगी जांच
स्टाफ रिपोर्टर-सोलन
शहर में पेयजल की बर्बादी रोकने और पानी की आपूर्ति व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम सोलन ने नई पहल की है। इसके तहत अब एक परिवार को एक ही एजेंसी से पानी का कनेक्शन देने की व्यवस्था लागू करने की तैयारी की जा रही है। शहर में ऐसे घरों को चिह्नित किया जाएगा, जहां एक ही मकान में जल शक्ति विभाग और नगर निगम दोनों के पेयजल कनेक्शन मौजूद हैं।
ऐसे उपभोक्ताओं की पहचान के लिए नगर निगम की टीम जल शक्ति विभाग के साथ मिलकर जल्द ही सर्वे करेगी। सर्वे पूरा होने के बाद नियमों के विपरीत पाए जाने वाले कनेक्शनों पर कार्रवाई की जाएगी। एक ही परिवार द्वारा दो अलग-अलग एजेंसियों से पेयजल कनेक्शन लेने के कारण पानी की खपत और वितरण व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। ऐसे में शहर में उपलब्ध पेयजल का उचित वितरण सुनिश्चित करने के साथ-साथ पानी की वेस्टेज पर भी अंकुश लगाना जरूरी है।
शहर के जिन घरों में जल शक्ति विभाग और नगर निगम दोनों के पेयजल कनेक्शन हैं, वहां कनेक्शन और सप्लाई लाइन का सर्वे करवाया जाएगा। यदि किसी घर में दो अलग-अलग सप्लाई लाइन पाई जाती हैं तो संबंधित उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। सर्वे के बाद नियमों के अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
गौरव राजपूत डिप्टी मेयर नगर निगम सोलन।