सोलन में सरकार के खिलाफ गरजे पेंशनर्ज

डीसी आफिस के बाहर दिया धरना, जमकर नारेबाजी कर लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय की उठाई मांग

निजी संवाददाता-सोलन
पेंशन और लंबे समय से लंबित वित्तीय लाभों की मांग को लेकर मंगलवार को सोलन में कॉरपोरेट सेक्टर के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। हिमाचल प्रदेश कॉरपोरेट सेक्टर रिटायरीज कोऑर्डिनेशन कमेटी के आह्वान पर नए उपायुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित इस प्रदर्शन में विभिन्न विभागों, निगमों और बोर्डों से जुड़े करीब 60 से 70 पेंशनभोगियों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से उनकी लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग उठाई।कोऑर्डिनेशन कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष देवीलाल ठाकुर, अतिरिक्त महासचिव सफदर हुसैन और प्रेस सचिव विनोद गुप्ता ने बताया कि प्रदेशव्यापी आह्वान पर मंगलवार को सभी जिला मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन आयोजित किए गए।

उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी लंबे समय से अपने वित्तीय लाभों और पेंशन संबंधी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है।कमेटी पदाधिकारियों ने कहा कि वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों की कई वित्तीय देनदारियां लंबित हैं। इनमें एरियर, महंगाई भत्ते (डीए) का एरियर, कम्यूटेशन और चिकित्सा प्रतिपूर्ति की राशि शामिल है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इन सभी लंबित देय राशियों का जल्द भुगतान किया जाए, ताकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।इसके अलावा संगठन ने वर्ष 2004 के बाद सेवानिवृत्त हुए कॉरपोरेट सेक्टर के कर्मचारियों के लिए वर्ष 1999 की अधिसूचना बहाल करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। पदाधिकारियों का कहना है कि इस अधिसूचना को बहाल कर संबंधित कर्मचारियों को पेंशन का लाभ दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा मिलना जरूरी है और उनकी जायज मांगों को लंबे समय तक लंबित रखना उचित नहीं है।कमेटी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसी कड़ी में आगामी 19 नवंबर को धर्मशाला में राज्य स्तरीय विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।