सोलन में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भाजपा का प्रदर्शन

डीसी आफिस के बाहर स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ जमकर की नारेबाजी,राज्यपाल को भी सौंपा ज्ञापन

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-सोलन
जिला सोलन में चरमराती स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पतालों में दवाइयों की कमी एवं कोविड काल में केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध करवाए गए ऑक्सीजन प्लांट बंद होने के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को उपायुक्त कार्यालय सोलन के बाहर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार व स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इस संबंध में प्रदेश के राज्यपाल को ज्ञापन भी सौंपा। इस ज्ञापन में उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है। विशेषकर जिला सोलन में सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था अनेक गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के सरकार के दावे धरातल पर पूरे होते दिखाई नहीं दे रहे हैं।