चार किलोमीटर लंबे नगर कीर्तन में हजारों की संगत ने लिया भाग, यमुना घाट पर महाआरती में शहर की धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं ने दिखाई आस्था
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
ऐतिहासिक नगर पांवटा साहिब का स्थापना दिवस धार्मिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को शहर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया, वहीं पूर्व संध्या पर यमुना तट पर भव्य मां यमुना महाआरती का आयोजन किया गया। दोनों आयोजनों में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज और मां यमुना के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। नगर कीर्तन गुरुद्वारा श्री सूरजपुर साहिब से शुरू होकर ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब में संपन्न हुआ। करीब चार किलोमीटर लंबे नगर कीर्तन की अगुवाई पंज प्यारों ने की। उनके पीछे फूलों से सजी गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी चल रही थी। गतका पार्टियों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए, जबकि स्कूली बैंड और कीर्तन जत्थों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बाजार में स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने पुष्पवर्षा कर संगत का स्वागत किया तथा जगह-जगह जलपान की व्यवस्था की। समापन पर विशेष अरदास और लंगर का आयोजन हुआ। वहीं, स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब के समीप यमुना घाट पर श्री पांवटा साहिब वेलफेयर सोसायटी ने भव्य मां यमुना महाआरती करवाई। शाम 5:30 बजे शंखनाद के साथ आरती शुरू हुई। मंत्रोच्चार और दीपों की रोशनी से घाट जगमगा उठा। विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से आरती की। सोसायटी अध्यक्ष गुरदीप सिंह गैरी ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य सांस्कृतिक विरासत को संजोने के साथ यमुना की स्वच्छता और संरक्षण का संकल्प दोहराना है। आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। 17 नवंबर को स्थापना दिवस का मुख्य समारोह आयोजित होगा।