70 लाख दर्शकों ने देखी ‘पिया का घर’

मुंबई। भोजपुरी फिल्म ‘पिया का घर’ रिलीज के एक सप्ताह से भी कम समय में लगभग 70 लाख दर्शकों तक पहुंच गई है। इस बीच फिल्म का भावुक गीत बेटी वो चिरइया है जिसका दो ठिकाना है रिलीज किया गया है। गीत को आलोक कुमार और प्रियंका सिंह ने आवाज दी है, जबकि इसके बोल मनोज भावुक ने लिखे हैं और संगीत ओम झा ने तैयार किया है। गीत में बेटी के जीवन, मायके से विदाई और ससुराल में नए रिश्तों से जुड़ी भावनाओं को अभिव्यक्त किया गया है। इसमें बेटी की तुलना चिडिय़ा से करते हुए उसके दो ठिकानों- मायके और ससुराल- की संवेदनशील तस्वीर पेश की गई है।

गीत में माता-पिता का स्नेह, बचपन की यादें और विदाई की पीड़ा जैसे भाव उभरते हैं। मनोज भावुक भोजपुरी साहित्य और सिनेमा से जुड़े कवि, गीतकार और गज़़लकार हैं। उनके लेखन में आम जीवन, रिश्तों और मानवीय संवेदनाओं को प्रमुखता मिलती है। इस गीत में भी उन्होंने बेटी के जीवन से जुड़े भावों को सहज शब्दों में प्रस्तुत किया है। ओम झा के संगीत और आलोक कुमार तथा प्रियंका सिंह की गायकी ने गीत को भावपूर्ण स्वरूप दिया है। संजय कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में बनी इस फिल्म के निर्माता रोशन सिंह और शर्मिला आर. सिंह हैं। फिल्म में रितेश उपाध्याय, काजल राघवानी, पारुल ठाकुर, समर्थ चतुर्वेदी, संजय पांडेय, रीना रानी और संजीव मिश्रा सहित कई कलाकारों ने अभिनय किया है। गीत को यूट्यूब पर जारी किया गया है।