नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र की प्रमुख दुग्ध आपूर्तिकर्ता मदर डेयरी ने गुरुवार से विभिन्न प्रकार के दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। मदर डेयरी के आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार, परिचालन लागत में हुई वृद्धि की आंशिक भरपाई करने के उद्देश्य से दूध के दामों में यह बढ़ोतरी की जा रही है। नयी दरें कल से उन सभी क्षेत्रों में प्रभावी हो जाएंगी जहां मदर डेयरी का दूध आपूर्ति किया जाता है।
इस बढ़ोतरी के तहत सबसे ज्यादा 4 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि फुल क्रीम दूध में की गई है, जिसके बाद इसका पैकेट 72 रुपए से बढ़कर अब 76 रुपए प्रति लीटर हो जाएगा। वहीं, मदर डेयरी का लोकप्रिय गाय का दूध 3 रुपए प्रति लीटर महंगा होकर 62 रुपए की जगह 65 रुपए प्रति लीटर मिलेगा। अन्य किस्मों के दूध में 2 रुपए प्रति लीटर का इजाफा किया गया है।
इसके तहत टोकन दूध 58 रुपए प्रति लीटर से बढ़कर 60 रुपए, टोन्ड दूध 60 रुपए की जगह 62 रुपए प्रति लीटर और डबल टोन्ड दूध 54 रुपए की तुलना में 56 रुपए प्रति लीटर के भाव पर उपलब्ध होगा। हालांकि, इस मूल्य वृद्धि के संबंध में संपर्क किए जाने पर मदर डेयरी के आधिकारिक प्रवक्ता ने तुरंत कुछ भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उल्लेखनीय है कि जाड़ों में दूध की आपूर्ति कुदरती तौर पर कम हो जाती है।