टुटू में अब क्यार रोड के पास सजेगा पटाखा बाजार

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
दीपावली पर पटाखे खरीदने के लिए टुटू के लोगों को अब नए स्थान पर जाना होगा। जिला प्रशासन ने पटाखों की बिक्री के लिए पूर्व में निर्धारित स्थल में बदलाव किया है। अब टुटू में न्यू पार्किंग के बजाय टुटू-क्यार रोड के साथ लगती खुली जगह पर पटाखों की अस्थायी दुकानें लगाई जाएंगी। जिला दंडाधिकारी अनुपम कश्यप ने इस संबंध में संशोधित आदेश जारी कर दिए हैं।

जिला प्रशासन की ओर से जारी शुद्धिपत्र के अनुसार, उपमंडलाधिकारी (नागरिक), शिमला ग्रामीण से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर पटाखा बिक्री स्थलों की पूर्व अधिसूचित सूची के क्रमांक तीन में संशोधन किया गया है। इसमें पहले न्यू पार्किंग टुटू को बिक्री स्थल निर्धारित किया गया था, जिसे अब बदलकर टुटू-क्यार रोड के साथ लगती खुली जगह कर दिया गया है। प्रशासन के अनुसार, न्यू पार्किंग टुटू का उपयोग वाहनों की पार्किंग के लिए आवंटित होने के कारण वहां पटाखों की अस्थायी दुकानें लगाना उचित नहीं पाया गया। ऐसे में जनसुविधा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बिक्री स्थल में बदलाव किया गया है। जिला दंडाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में जारी आदेश की अन्य सभी शर्तें और नियम यथावत रहेंगे। निर्धारित अवधि के दौरान पटाखों की बिक्री इन्हीं नियमों के तहत की जाएगी।