महारल में शॉर्ट सर्किट से सुलगी दुकान, 70 हजार की चपत, लोगों की मुस्तैदी से बाजार में फैलने से रोकी आग

दुकानदार को 70 हजार की चपत, लोगों की मुस्तैदी से बाजार में फैलने से रोकी आग

निजी संवाददाता – बड़सर

बड़सर क्षेत्र के महारल बाजार में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बिजली के तारों में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण सुनीता भोगल की लेडीज टेलर की दुकान में अचानक आग लग गई। इस आगजनी में संबंधित दुकान मालिक को करीब 70 हजार का नुकसान बताया जा रहा है। दुकान मालिक सुनीता भोगल रोजाना की तरह शाम को दुकान बंद करके अपने घर चली गई थीं, जिसके कुछ ही देर बाद यह हादसा पेश आया। 7:30 से आठ बजे के बीच दुकान के साथ लगते घर के मालिक को अंदर से घना धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया। उन्होंने बिना समय गंवाए तुरंत शोर मचाकर आसपास के दुकानदारों और ग्रामीणों को सूचित किया। लोगों ने फौरन बिजली की मुख्य लाइनें कटवाईं और शटर के ताले तोडक़र आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीण नरोतम शर्मा, शशि सोनी, जैमल सिंह, प्रीतम सिंह, पंडित प्रवासी, शशि धीमान सहित दर्जनों ग्रामीणों ने त्वरित सूझबूझ दिखाई।


सबने मिलकर बाल्टियों से पानी फेंककर आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की इस मुस्तैदी के चलते आग पूरे बाजार में फैलने से बच गई, अन्यथा छोटी दिवाली की शाम बड़ा नुकसान हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत प्रधान कर्म सिंह ढटवालिया और उपप्रधान सुनील दत्त ग्रामीणों सहित मौके पर पहुंचे। दुकान मालकिन सुनीता भोगल भी वहां पहुंचीं, लेकिन दुकान की जली हुई हालत और भारी नुकसान देखकर वे मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़ीं। स्थानीय ग्रामीणों व पंचायत प्रतिनिधियों ने उन्हें संभाला, ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का भरोसा दिया। लपटों से काफी नुकसान हो गया है।