ड्यूटी के दौरान भारतीय सेना के जवान संदीप कुमार ने पाई शहदत, ड्यूटी पर अचानक की बिगड़ी तबीयत
नगर संवाददाता-शाहतलाई
झंडूता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत घराण के गांव खमेड़ा कलां निवासी भारतीय सेना के जवान संदीप कुमार (लगभग 35 वर्ष) सुपुत्र नानक चंद का अरुणाचल प्रदेश में ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। जवान के निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार संदीप कुमार वर्ष 2010 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और तब से देश की सेवा में समर्पित थे। वह जून 2026 में छुट्टी लेकर अपने घर आए थे तथा अगस्त महीने में वापस अपनी ड्यूटी पर लौट गए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती अरुणाचल प्रदेश में थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
बताया जा रहा है कि शरीर में ऑक्सीजन का स्तर कम होने के कारण उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके चलते उनका निधन हो गया। जवान का पार्थिव शरीर 12 नवंबर को उनके पैतृक गांव खमेड़ा कलां पहुंचने की जानकारी है। इस दुखद घटना पर ग्राम पंचायत घराण की प्रधान पूनम ठाकुर ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि संदीप कुमार का असामयिक निधन पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। देश की सेवा में अपना योगदान देने वाले जवान का इस तरह चले जाना बेहद दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे लोग
जवान संदीप कुमार के निधन से गांव खमेड़ा कलां सहित पूरे झंडूता विधानसभा क्षेत्र में शोक का माहौल है। क्षेत्रवासी अपने वीर सपूत को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।