शाया में शिरगुल देवता के मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब

दिवाली और पड़ई पर हजारों श्रद्धालुओं ने किए देवता के दर्शन, चावल-अखरोट चढ़ाने की सदियों पुरानी परंपरा आज भी कायम

नगर संवाददाता-राजगढ़

हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध आराध्य देव शिरगुल देवता की जन्मस्थली शाया में दिवाली और पड़ई के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय मेले में हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के अलावा शिमला, सोलन और पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के जौनसार-बावर क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और देवता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।


देवता को चावल-अखरोट चढ़ाने की परंपरा

शिरगुल मंदिर शाया में प्रतिवर्ष दिवाली पर दो दिवसीय मेले का आयोजन किया जाता है। मेले की विशेषता यह है कि यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल गतिविधियों के बजाय देव आस्था और परंपराओं को प्राथमिकता दी जाती है। श्रद्धालु अपने साथ भेंट स्वरूप चावल और अखरोट लाकर देवता के चरणों में अर्पित करते हैं। मंदिर में भक्तों को प्रसाद के रूप में चावल के दाने दिए जाते हैं, जिन्हें वे अपने घरों में श्रद्धा के साथ सहेजकर रखते हैं।

चार प्रमुख साजियों का विशेष महत्व

मंदिर समिति के सदस्य एवं जाने-माने साहित्यकार शेरजंग चौहान ने बताया कि शिरगुल देवता का इसी गांव में प्रादुर्भाव हुआ था तथा उन्होंने चूड़धार पर्वत पर तपस्या की थी। मंदिर में वर्षभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है, लेकिन साल में आने वाली चार प्रमुख साजियों का विशेष धार्मिक महत्व है। इनमें बैसाखी यानी बीशू की साजी, श्रावण मास की हरियाली साजी, दिवाली की साजी और मकर संक्रांति यानी माघ की साजी शामिल हैं।

प्रत्येक माह की संक्रांति पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि शिरगुल देवता की मान्यता सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के साथ शिमला के ऊपरी क्षेत्रों, सोलन और उत्तराखंड के जौनसार-बावर तक फैली हुई है। इन क्षेत्रों में देवता को कुलदेवता और आराध्य देव के रूप में पूजा जाता है। चावल और अखरोट चढ़ाने की सदियों पुरानी परंपरा आज भी पूरी श्रद्धा से निभाई जा रही है। हालांकि, समय के साथ श्रद्धालुओं ने नकद राशि चढ़ाने की परंपरा भी शुरू कर दी है।