महिला मोर्चा की बैठक में कांग्रेस सरकार पर भडक़े पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग, साधे कई निशाने
स्टाफ रिपोर्टर -घुमारवीं
पहले महंगाई की मार और अब सरकारी दस्तावेजों पर पांच गुना तक शुल्क का भार। हिमाचल में 20 रुपये में बनने वाला एफिडेविट अब 100 रुपये में बनेगा। जमीन-जायदाद के सौदों, पावर ऑफ अटॉर्नी, पार्टनरशिप डीड और अन्य कानूनी दस्तावेजों के शुल्क में भी बदलाव किया गया है। यानी आम आदमी को अपने छोटे.छोटे सरकारी काम करवाने के लिए भी पहले से अधिक पैसे खर्च करने पड़ेंगे। स्टांप ड्यूटी में इस बदलाव को लेकर भाजपा ने प्रदेश की कांगे्रस सरकार पर तीखा हमला बोला है। पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र गर्ग ने तंज कसते हुए कहा कि 20 रुपये का एफिडेविट 100 रुपये में करना कैसा व्यवस्था परिवर्तन है। सरकार जनता को राहत देने के बजाय हर कदम पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है।शनिवार को मिलन पैलेस घुमारवीं में घुमारवीं एवं भराड़ी महिला मोर्चा की बैठक को मुख्यातिथि के रूप में संबोधित करते हुए गर्ग ने कहा कि एफिडेविट की जरूरत विद्यार्थियों, बेरोजगार युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और आम नागरिकों को विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए पड़ती है। ऐसे में इसका शुल्क पांच गुना करना सीधे तौर पर आम आदमी की जेब पर चोट है। उन्होंने कहा कि स्टांप ड्यूटी में बदलाव का असर केवल शपथ पत्र तक सीमित नहीं है। वहीं उन्होंने जमकर निशाने साधे।
महिला मोर्चा को घर-घर पहुंचने का आह्वान
गर्ग ने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं से प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज और परिवार की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और संगठन को मजबूत करने में उनकी भूमिका अहम है। कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर सरकार के फैसलों की वास्तविकता बतानी चाहिए। बैठक में नीलम पठानिया, बबीता शमा, ललिता देवी, शिल्पा रानी, नीलम ठाकुर, सुषमा शर्मा, मधु कंवर, संतोष ठाकुर, उषा शर्मा, पुष्पा शर्मा, सुरजीत कौर, अमिता, सुरेश ठाकुर, पंकज चंदेल, ब्रह्मदास गौतम और सरवन जमवाल सहित अन्य उपस्थित रहे।