श्रील प्रभुपाद के जीवन पर बनेगी एनिमेटेड फिल्म ‘शरणागति’

होम्बले फिल्म्स और ट्रांसेंडेंटल फिल्म्स ने मिलाया हाथ

‘KGF’, ‘सालार’ और ‘कांतारा’ जैसी भारत की बड़ी पैन इंडिया ब्लॉकबस्टर फिल्में देने से लेकर ‘महावतार नरसिम्हा’ जैसी अलग तरह की कहानी को दर्शकों तक पहुंचाने तक, होम्बले फिल्म्स लगातार भारतीय सिनेमा में नए प्रयोग कर रहा है। ‘शरणागति’ एक एनिमेशन फिल्म है, जिसे अत्याधुनिक AI मोशन कैप्चर तकनीक की मदद से तैयार किया गया है।

होम्बले फिल्म्स और ट्रांसेंडेंटल फिल्म्स ने साथ मिलकर एक बेहद महत्वाकांक्षी एनिमेटेड फिल्म ‘शरणागति – द लाइफ ऑफ अ सरेंडर्ड सोल’ की घोषणा की है। बता दें कि यह फिल्म इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस (इस्कॉन) के संस्थापक-आचार्य, ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी श्रील प्रभुपाद के प्रेरणादायक और असाधारण जीवन की यात्रा पर होने वाली है, जिसमें दर्शक आध्यात्मिक मिशन के लिए उनके समर्पण को देखने के साथ, नजदीक से महसूस कर पाएंगे।


आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मोशन कैप्चर (AI मोशन कैप्चर) तकनीक एक ऐसी चीज है जो इस फिल्म को अन्य फिल्मों से अलग बनाती है। बता दें कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और कंप्यूटर विजन के इस्तेमाल से यह नई तकनीक किसी के भी चलने, बोलने या किसी तरह के काम करने की शारीरिक गतिविधियों को डिजिटल एनिमेशन में बदल सकता है। यह तकनीक किरदारों को एनिमेटेड होने के बावजूद असली होने का एहसास कराता है, जिससे हर एक सीन और भी ज्यादा प्रभावशाली बनकर सामने आता है।

AI मोशन कैप्चर, कैमरे द्वारा कैद की गई इंसानी गतिविधियों की मदद से अपना काम करता है। इस तरह से आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के इस्तेमाल से बॉडी पोजीशन को पहचाना और ट्रैक किया जाता है, साथ ही हावभाव से लेकर चेहरे के एक्सप्रेशन तक को आकार देने में मदद मिलती है। आगे इन गतिविधियों वाले डाटा को डिजिटल एनीमेशन में तब्दील किया जाता है, जिसके बाद 3D कैरेक्टर के स्केलेटन पर इसकी मैपिंग की जाती है। इन सारी प्रक्रियाओं के बाद, किरदार जिसे एनिमेट किया गया होता है वह इंसानों की तरह हर गतिविधि को दोहरा पाता है। कुछ स्टेप्स के बाद बनाया गया एनिमेशन असल और असरदार नजर आने लगता है, और यह तकनीक एक ऐसा शानदार विजुअल अनुभव देती है, जिसमें तकनीक, एनिमेशन और आध्यात्मिक कहानियों का नया मेल एक साथ देखने को मिलता है।

होम्बले फिल्म्स भारत के सबसे बड़े प्रोडक्शन हाउस में से एक है, ने बीते कुछ सालों में बिना रुके ऐसी कुछ कहानियां दर्शकों को फिल्मों के जरिए सुनाई है, जिसके उसने कहानियों को पेश करने की पुरानी धारणाओं को चुनौती दी हैं। इस तरह से बैनर तले बनी फिल्में फिल्ममेकिंग के दायरे को हर गुजरते वक्त के साथ बड़ा कर रही हैं। बैनर ने हमेशा दर्शकों के सामने बेहद अनोखे कंटेंट पेश किए हैं और इसके पीछे का मकसद केवल इंडियन सिनेमा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की सोच है। इस बैनर ने हमेशा से अच्छी कहानियों को न सिर्फ अपना समर्थन दिया है बल्कि दर्शकों को ऐसा सिनेमाई अनुभव हर बार दिया है, जिसे देश और दुनिया में मौजूद हर फिल्म लवर द्वारा बेहद सराहा जाता है। भारत के कुछ सबसे बड़े पैन इंडिया ब्लॉकबस्टर को प्रोड्यूस करने वाला यह बैनर, दर्शकों को KGF फ्रेंचाइजी, सालार और कांतारा के अलावा महावतार नरसिम्हा के जरिए भारत की सबसे बड़ी एनिमेशन फिल्म से चुका है। इस तरह से होम्बले फिल्म्स इंडस्ट्री को लगातार नए प्रयोग के साथ आगे बढ़ाने में अहम किरदार निभा रहा है। इतना ही नहीं, ‘कांतारा’ फ्रेंचाइजी के जरिए होम्बाले फिल्म्स ने भूत कोला जैसी स्थानीय लोक परंपरा और संस्कृति को देशभर के दर्शकों से रूबरू कराया है। अलग तरह की कहानियों और भारतीय संस्कृति से जुड़ी विषयवस्तु को बड़े पर्दे पर लाने का यही जुनून होम्बले फिल्म्स की पहचान और सोच को दर्शाता है।

महावतार नरसिम्हा की जबरदस्त सफलता को आगे बढ़ाते हुए, होम्बले फिल्म्स असरदार कहानियों को सामने लाते हुए सभी का ध्यान भारतीय सभ्यता की विरासत, आस्था और सांस्कृतिक पहचान की तरफ खींच रहा है। शरणागति के साथ प्रोडक्शन हाउस अपने उस सोच को और मज़बूत करता है, जिसमें गहराई से जुड़ी सनातनी कहानियों को पुराने अंदाज में कहने के तरीकों से आगे ले जाकर, मॉडर्न फिल्ममेकिंग टेक्नोलॉजी की मदद से नई पीढ़ी के लिए आसान, इमर्सिव और उनसे जुड़ने लायक बनाया जाता है।

यह फिल्म श्रील प्रभुपाद की असाधारण जीवन यात्रा को दिखाएगी। 69 साल की उम्र में 1965 में उन्होंने भारत से अमेरिका की यात्रा की थी। इस दौरान वह अपने साथ भगवद्गीता की अनमोल शिक्षाएं और भगवान कृष्ण का संदेश लेकर गए थे। अपने आध्यात्मिक गुरु श्रील भक्तिसिद्धांत सरस्वती ठाकुर के निर्देशों का पालन करते हुए उन्होंने एक ऐसा मिशन शुरू किया, जिसके जरिए दुनिया भर में लाखों लोगों तक कृष्ण भक्ति का संदेश पहुंचा। उनका जीवन अटूट आस्था, समर्पण, संघर्ष और निस्वार्थ सेवा की मिसाल है।

गौरा शक्ति दास ने इस फिल्म की कहानी लिखने के साथ इसका निर्देशन भी किया है। राजेश सिंह और लोहित राव इसके निर्माता हैं, जबकि श्रीधर शिकारिपुरा ने विजुअल डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभाली है। यह फिल्म ट्रांसेंडेंटल फिल्म्स के बैनर तले बनाई जा रही है, जिसमें डाइव डीप एआई स्टूडियो का सहयोग है। होम्बाले फिल्म्स इसे पेश करने के साथ दुनियाभर में रिलीज करेगी। इस प्रोजेक्ट को श्री नरसिंह चैतन्य मठ, श्रीरंगपट्टनम, इस्कॉन बेंगलुरु, इस्कॉन और भक्तिवेदांत बुक ट्रस्ट (बीबीटी) का आशीर्वाद मिला है।

फिल्म के आधिकारिक टाइटल की घोषणा के साथ ही ‘शरणागति’ ने एक ऐसी सिनेमाई यात्रा की शुरुआत का संकेत दे दिया है, जो पूरी तरह समर्पित जीवन और पीढ़ियों तक कायम रहने वाली विरासत को दर्शाएगी। यह फिल्म अगस्त 2027 में श्रील प्रभुपाद की व्यास पूजा के शुभ अवसर पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।