सोलन बाईपास पर गलत दिशा से आ रहे ऑटो ने दो कारों को मारी टक्कर, दो घायल

 सोलन। राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर सोलन बाईपास में गलत दिशा से आ रहे एक ऑटो ने दो कारों को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक और उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे में ऑटो सहित दोनों कारों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार ऑटो न्यू बस स्टैंड की ओर जा रहा था। इस दौरान वह यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए गलत दिशा में चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ऑटो चालक ने हिंदुस्तान सैनिटरी शोरूम से कुछ आगे मोड़ पर पहुंचकर सामने से आ रही दो कारों को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ऑटो इससे पहले भी रास्ते में कई वाहनों के बेहद करीब से निकला था।

हालांकि, अन्य वाहन इसकी चपेट में आने से बच गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायल ऑटो चालक और दूसरे व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।