नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व शुरू

चार दिवसीय पर्व का 16 नवंबर को उगते सूर्य को अघ्र्य देने के साथ होगा समापन, बाजारों में रौनक
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व को लेकर राजधानी शिमला में भी श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। व्रती महिलाओं ने स्नान और पूजा-पाठ के साथ पर्व की शुरुआत की। वहीं, बाजारों में छठ पूजा की सामग्री खरीदने के लिए महिलाओं की भीड़ उमडऩे लगी है। यह पर्व 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न होगा। राधा कृष्ण मंदिर के पंडित उमेश चंद नौटियाल ने बताया कि छठ पर्व कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष में मनाया जाता है। नहाय-खाय के दिन व्रती महिलाएं पवित्र स्नान कर सात्विक भोजन ग्रहण करती हैं। इसके बाद चार दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत होती है। छठ पूजा भगवान सूर्य और छठी मैया की उपासना को समर्पित है।

सूर्य को जीवन, ऊर्जा और स्वास्थ्य का प्रतीक माना जाता है, जबकि छठी मैया को संतान, समृद्धि और कल्याण की देवी के रूप में पूजा जाता है। उन्होंने बताया कि 14 नवंबर को खरना पूजन होगा। 15 नवंबर को व्रती महिलाएं डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित करेंगी, जबकि 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाएगा। इस दौरान महिलाएं करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास रखती हैं और पारंपरिक तरीके से छठ का प्रसाद तैयार करती हैं। मान्यता है कि छठ पूजा करने से संतान को दीर्घायु और सुखी जीवन का आशीर्वाद मिलता है। कई महिलाएं संतान प्राप्ति की कामना से भी यह व्रत रखती हैं। छठ व्रत की तैयारी में जुटी सुनीता ने बताया कि वह कई वर्षों से शिमला में रह रही हैं और यहीं पूरे विधि-विधान से छठ पूजा करती हैं। शुक्रवार से उन्होंने भी पर्व की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

बाजारों में छठ की रौनक गन्ने-नारियल की बढ़ी मांग
छठ पर्व को लेकर राजधानी के लोअर बाजार और सब्जी मंडी में भी रौनक बढ़ गई है। दुकानदारों ने विशेष रूप से पूजा सामग्री मंगवाकर सजाई है। महिलाएं गन्ना, नारियल, संतरा, मौसमी फल, हरी फलियां, बांस का सूप और दउरा (टोकरी) खरीद रही हैं। छठ पूजा में इन वस्तुओं का विशेष महत्व है। व्रती महिलाएं इन्हीं पारंपरिक सामग्रियों से सूर्य देव और छठी मैया की पूजा करती हैं।