आईजीएमसी में लगेगी एक और सीटी स्कैन मशीन

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल आईजीएमसी में मरीजों को सीटी स्कैन जांच के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों की बढ़ती संख्या और मौजूदा मशीन पर बढ़ते दबाव को देखते हुए एक और सीटी स्कैन मशीन लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन की ओर से सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद अस्पताल में नई मशीन स्थापित की जाएगी। आईजीएमसी में रोजाना हजारों की संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इनमें औसतन 50 से 60 मरीजों को प्रतिदिन सीटी स्कैन करवाना पड़ता है। अस्पताल में वर्तमान में दो सीटी स्कैन मशीनें उपलब्ध हैं। इनमें से एक मशीन वर्ष 2010 में पुराने भवन में स्थापित की गई थी। इस मशीन का इस्तेमाल मुख्य रूप से रूटीन मरीजों की जांच के लिए किया जाता था। साथ ही इस मशीन को कंपनी द्वारा एंड ऑफ लाईफ सर्टिफिकेट दे दिया गया है। वहीं, दूसरी मशीन अस्पताल के आपातकालीन विभाग में स्थापित की गई है। इस मशीन पर इमरजेंसी के मरीजों के साथ अब रूटीन मरीजों की जांच का भी दबाव है। इससे इमरजेंसी विभाग में मरीजों की भीड़ बढ़ रही है। वहीं, रूटीन जांच करवाने आने वाले मरीजों को भी घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। एक मशीन बंद होने से दूसरी मशीन यानी इमरजेंसी में लगाई गई सीटी स्कैन मशीन पर काम का बोझ और बढ़ गया है। ऐसे में मरीजों को समय पर जांच की सुविधा उपलब्ध करवाना अस्पताल प्रबंधन के लिए चुनौती बन गया है। इसी समस्या को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने एक अतिरिक्त सीटी स्कैन मशीन लगाने का प्रस्ताव सरकार को भेजा है। नई मशीन स्थापित होने से मरीजों को जांच के लिए कम इंतजार करना पड़ेगा। साथ ही इमरजेंसी विभाग में भीड़ का दबाव कम होने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।