स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजकीय कन्या महाविद्यालय आरकेएमवी में महाविद्यालय की छात्रवृत्ति समिति के तत्वावधान में पीटीए प्रायोजित मेधा आधारित छात्रवृत्ति वितरण एवं इंटर्नशिप नियुक्ति समारोह का आयोजन महाविद्यालय के सभागार में किया गया। समारोह में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ अनुरिता सक्सेना ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मेधावी छात्राओं की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित करना, उन्हें प्रोत्साहित करना और व्यावहारिक अनुभव एवं कौशल विकास के अवसर प्रदान करना था। इस अवसर पर शैक्षणिक उपलब्धियों के आधार पर छात्राओं को सम्मानित करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को 83 पुरस्कार और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को 76 पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस प्रकार कुल 159 पुरस्कारों के माध्यम से छात्राओं की प्रतिभा, परिश्रम एवं उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन को सम्मानित किया गया। समारोह का एक अन्य महत्वपूर्ण आकर्षण इंटर्नशिप नियुक्ति रही, जिसके अंतर्गत 63 छात्राओं को इंटर्नशिप के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। मुख्यातिथि डॉ अनुरिता सक्सेना ने अपने संबोधन में छात्राओं को निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभा और मेहनत को उचित प्रोत्साहन मिलने से विद्यार्थियों में आगे बढऩे का उत्साह और आत्मविश्वास विकसित होता है। उन्होंने पीटीए एवं छात्रवृत्ति समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, पीटीए सदस्यों, प्राध्यापकों, छात्राओं एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।