अनुराग ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, संवैधानिक संस्थाओं को लेकर कांग्रेस के रवैये पर उठाए सवाल
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – हमीरपुर
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ के अंतर्गत बुधवार को हमीरपुर में भाजपा ने विशाल पद यात्रा निकालकर कांग्रेस और इंडी गठबंधन के खिलाफ राजनीतिक हुंकार भरी। इस अवसर पर हमीरपुर बाईपास स्थित कुमार पैलेस में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने विशेष रूप से भाग लिया। सम्मेलन में हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, देहरा और धर्मपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। नेताओं का कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। सम्मेलन के उपरांत भाजपा कार्यकर्ताओं ने कुमार पैलेस से गांधी चौक तक पथ यात्रा निकाली।
जनजागरण का शंखनाद
नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने तथा कांग्रेस की कथित अराजक एवं नकारात्मक राजनीति के विरुद्ध जनजागरण का आह्वान किया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, आशीष शर्मा, रणधीर शर्मा, त्रिलोक ज वाल, विक्रम ठाकुर सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, जिला एवं मंडल पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने तथा प्रदेश सरकार की नीतियों एवं विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।