एचपीयू में संचार और नेतृत्व कौशल पर मंथन

एक दिवसीय कार्यशाला में टीमवर्क, प्रभावी अभिव्यक्ति और साक्ष्य आधारित संवाद के महत्व पर दिया जोर

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ द्वारा बुधवार को कुलपति समिति कक्ष में संचार, नेतृत्व और टीमवर्क कौशल विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य व्यक्तिगत विकास और संस्थागत विकास में प्रभावी संचार, नेतृत्व गुणों और सामूहिक टीमवर्क के महत्व को उजागर करना था।
आईक्यूएसी की निदेशक प्रो (डॉ) रूना मेहता ठाकुर ने गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया, जबकि कार्यशाला की संयोजक डॉ साशा चौहान ने विषय की रूपरेखा प्रस्तुत की। कुलसचिव ज्योति राणा ने कहा कि प्रभावी संचार केवल बोली जाने वाली भाषा तक सीमित नहीं है, इसमें स्पष्टता, आत्मविश्वास, सार्थक अभिव्यक्ति और गैर-मौखिक संचार भी शामिल है। कुलपति प्रो महावीर सिंह ने प्रकृति के साथ संवाद के महत्व पर प्रकाश डाला और आंकड़ों एवं साक्ष्य-आधारित अभिव्यक्ति की भूमिका पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सच्चा संचार केवल मानव परस्पर संवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें प्रकृति, परिवेश और समाज के प्रति संवेदनशीलता भी शामिल है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि वर्तमान युग में अभिव्यक्ति को विश्वसनीय और प्रभावशाली बनाने के लिए उसे आंकड़ों, तथ्यों और साक्ष्यों पर आधारित होना चाहिए।

समापन सत्र में भी प्रो. महावीर सिंह ने कार्यशाला के आयोजन के लिए आईक्यूएसी टीम की सराहना की और संकाय सदस्यों को सहयोग से कार्य करने तथा टीमवर्क के माध्यम से अनुसंधान को मजबूत करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का समापन कार्यशाला रिपोर्ट की प्रस्तुति, प्रमाण पत्र वितरण और डॉ साशा चौहान द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ, जिसके बाद राष्ट्रगान हुआ।