केंद्रीय विश्वविद्यालय को केंद्र से मिले 50 करोड़

अप्रैल 2027 तक देहरा परिसर शुरू करने की तैयारी, प्रदेश सरकार ने बिजली और पानी को मंजूर की धनराशि
स्टाफ रिपोर्टर – धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला के देहरा स्थित स्थायी परिसर के निर्माण कार्यों में अब तेजी आने की उम्मीद है। शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार से विश्वविद्यालय को निर्माण कार्यों के लिए 50 करोड़ रुपए प्राप्त हुए हैं। यह धनराशि विश्वविद्यालय ने केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) को हस्तांतरित कर दी है। वहीं, हिमाचल प्रदेश सरकार ने परिसर में बिजली और जलापूर्ति की आधारभूत सुविधाएं विकसित करने के लिए भी धनराशि स्वीकृत की है। विश्वविद्यालय अप्रैल 2027 तक अपनी शैक्षणिक गतिविधियां देहरा परिसर में स्थानांतरित करने के लिए प्रयासरत है। वहीं, केंद्रीय विवि धर्मशाला कैंपस निर्माण का कार्य ज़मीन के फेर व 30 करोड़ में ही उलझकर रह गया है। हालांकि हाई कोर्ट ने सख्त रूख इख्तियार करते हुए शिक्षा सचिव को कोर्ट में तलब किया है। विश्वविद्यालय के कुलपति ने सीपीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारियों और विश्वविद्यालय के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

बैठक में निर्माण कार्यों में हुई देरी और धनराशि की कमी के चलते स्थगित किए गए कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई। कुलपति ने निर्देश दिए कि धनराशि उपलब्ध होने के बाद सभी रुके हुए निर्माण कार्य तत्काल दोबारा शुरू किए जाएं। इसके लिए पर्याप्त श्रमिक, मशीनरी और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाने को कहा गया। कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने सीपीडब्ल्यूडी अधिकारियों को प्रत्येक भवन के निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए अलग-अलग समयबद्ध कार्यक्रम तैयार कर विश्वविद्यालय को सौंपने के निर्देश भी दिए। इसमें शेष सिविल कार्यों के साथ बिजली, अन्य सेवाओं और आवश्यक सुविधाओं को पूरा करने की समयसीमा तय करने को कहा गया। बैठक में प्रदेश सरकार की ओर से बिजली और जलापूर्ति सुविधाओं के लिए स्वीकृत कुलपति ने कहा कि देहरा परिसर को जल्द क्रियाशील बनाने के लिए केंद्र, प्रदेश सरकार, विश्वविद्यालय और सीपीडब्ल्यूडी के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।