बॉबी के आरोपों को चमियाणा अस्पताल ने नकारा

लंगर की जगह से लेकर एंबुलेंस-कैशलेस इलाज पर प्रबंधन ने रखा पक्ष, डाक्टर्ज की तैनाती पर भी रखी बात
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटीज चमियाणा प्रबंधन ने सरवजीत सिंह (बॉबी) की ओर से संस्थान और स्वास्थ्य विभाग को लेकर लगाए गए आरोपों पर जवाब दिया है। संस्थान ने कहा कि कई आरोप तथ्यों पर आधारित नहीं हैं और वास्तविक स्थिति को स्पष्ट करना जरूरी है। संस्थान ने बॉबी को केबीसी कार्यक्रम में उनके परोपकारी कार्यों के लिए सम्मानित होने पर बधाई देते हुए कहा कि लंगर सेवा के लिए जगह उपलब्ध करवाने के आरोप सही नहीं हैं। प्रबंधन के अनुसार, अस्पताल की रसोई का परिसर मरीजों और उनके तीमारदारों को निशुल्क भोजन उपलब्ध करवाने के लिए देने की पेशकश की गई थी। इस संबंध में 23 मई 2026 को हाईकोर्ट में शपथ पत्र भी दाखिल किया गया था, लेकिन प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया गया। एंबुलेंस सुविधा को लेकर प्रशासन ने बताया कि अस्पताल में दो पूरी तरह सुसज्जित एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस हमेशा तैनात रहती हैं। इसके अलावा निजी एंबुलेंस सेवाएं भी फोन पर उपलब्ध हैं और उनके संपर्क नंबर अस्पताल में प्रदर्शित किए गए हैं। प्रिंसिपल और मेडिकल सुपरिंटेंडेंट के पदों पर डॉक्टरों की नियुक्ति को लेकर संस्थान ने कहा कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार इन पदों पर डॉक्टरों की नियुक्ति की जाती है। डॉक्टर अपनी चिकित्सकीय सेवाओं के साथ प्रशासनिक जिम्मेदारियां भी निभा रहे हैं और इससे मरीजों की देखभाल प्रभावित नहीं हो रही है।

स्वास्थ्य योजनाओं के तहत सुविधाओं पर प्रशासन ने दावा किया कि हिमकेयर और आयुष्मान भारत पीएमजेएवाई के अंतर्गत सभी पात्र मरीजों को इम्प्लांट को छोडकऱ कैशलेस उपचार उपलब्ध करवाया जा रहा है। संस्थान ने बताया कि एआईएमएसएस चमियाणा तक पहुंचने वाली सडक़ को चौड़ा करने का काम जारी है और इसे जल्द पूरा करने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अस्पताल कर्मचारियों की आवाजाही के लिए पहले स्वीकृत दो बसों के अलावा दो अतिरिक्त बसें भी मंजूर की हैं। वहीं, आम लोगों के लिए एचआरटीसी की टेम्पो ट्रैवलर सेवाएं आईजीएमसी, आईएसबीटी शिमला और संजौली टनल से अस्पताल तक नियमित रूप से चल रही हैं। सडक़ चौड़ी होने के बाद इलेक्ट्रिक बस सेवा भी शुरू की जाएगी। प्रबंधन ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में विभिन्न चुनौतियों के बावजूद संस्थान को कम समय में कार्यशील बनाया गया है। अस्पताल के विकास और संचालन में डॉक्टरों तथा स्वास्थ्य कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। प्रशासन ने कहा कि गलत तथ्यों के आधार पर संस्थान के प्रयासों को कमतर दिखाने से चिकित्सा समुदाय का मनोबल प्रभावित होता है।