लाडली फाउंडेशन, रेनबो स्टार क्लब और गोबिंदसागर एडवेंचर-वॉटर स्पोट्र्स एसोसिएशन की मांग
स्टाफ रिपोर्टर — बिलासपुर
जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान और जिला बिलासपुर में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लाडली फाउंडेशन, हिमाचल रेनबो स्टार क्लब तथा गोविंद सागर एडवेंचर एंड वॉटर स्पोट्र्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उपायुक्त किरण भड़ाना को ज्ञापन सौंपा। हिमाचल रेनबो स्टार क्लब के संस्थापक अध्यक्ष इशान अख्तर के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मंडी-भराड़ी फोरलेन चौक पर शौचालय और रेन शैल्टर बनाने, आवारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाने तथा बिलासपुर बस स्टैंड के आसपास अतिक्रमण हटाने की मांग उठाई। इसके साथ ही गोबिंदसागर झील में सातवें वॉटर स्पोट्र्स कार्निवल (जल तरंग महोत्सव) के आयोजन का प्रस्ताव भी प्रशासन के समक्ष रखा।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि मंडी-भराड़ी फोरलेन चौक के समीप आम जनता, यात्रियों और पर्यटकों की सुविधा के लिए प्राथमिकता के आधार पर तीन शौचालय और तीन रेन शेल्टरों का निर्माण करवाया जाए। ज्ञापन में जिले में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा गया कि सडक़ों पर घूम रहे पशुओं के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में पशुओं के उचित प्रबंधन और सुरक्षित व्यवस्था के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है। प्रतिनिधिमंडल ने बिलासपुर बस स्टैंड के आसपास फुटपाथों और सडक़ों पर हो रहे अतिक्रमण का मुद्दा भी उठाया। वहीं गोबिंदसागर झील में पर्यटन और जल क्रीड़ा गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सातवें वॉटर स्पोट्र्स कार्निवल के आयोजन का प्रस्ताव सौंपा गया।