चंडीगढ़, होशियारपुर और बद्दी के लिए दौड़ीं निगम की बसें

कार्यालय संवाददाता – हमीरपुर
हिमाचल पथ परिवहन निगम हमीरपुर डिपो की स्पैशल बसें दिवाली मनाने घर आ रहे यात्रियों को लाने के लिए रवाना हो गई हैं। निगम की बसें चंडीगढ़, बद्दी और होशियारपुर बस स्टैंड भेजी गई हैं, ताकि यात्री आराम से घर पहुंच सकें। बता दें कि हमीरपुर डिपो की स्पैशल बसें यात्रियों को लाने के लिए शुक्रवार को हमीरपुर बस स्टैंड से रवाना हो गई हैं। निगम की स्पैशल बसों को डिमांड पर चंडीगढ़ के लिए 9 बसें, बद्दी बस स्टैंड के लिए पांच बसें और होशियारपुर के लिए दो स्पेशल बसें भेजी गई हैं। क्योंकि निगम की रूटीन की बसें पहले से ही एडवांस में फुल चल रही हैं। ऐसे में निगम ने यात्रियों की सुविधा के लिए स्पैशल बसें भी ऑनलाइन कर दी हैं। क्योंकि निगम स्पैशल बसों के जरिए यात्रियों से 20 फीसदी किराया अधिक वसूल रहा है।

निगम की यह बसें खाली ही बाहरी राज्यों के स्टेशनों पर जा रही हैं। जबकि वापसी में यात्रियों को लेकर हमीरपुर लौट रही हैं। हालांकि स्पैशल बसें बाहरी राज्यों को भेजने से लोकल रूट भी प्रभावित हुए हैं। ऐसे में लोगों को लोकल रूटों पर दिन भर परेशान होना पड़ा है। उन्हें प्राइवेट बसों में एक से डेढ़ घंटे के इंतजार के बाद वापस लौटना पड़ा है। यात्रियों को शाम के समय भी बसें की कमी से जूझना पड़ा है। वहीं हमीरपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार का कहना है कि बाहरी राज्यों के स्टेशनों को डिमांड के मुताबिक बसें भेजने का दौर दूसरे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को दिन भर बद्दी, चंडीगढ़ और होशियार के लिए 16 स्पेशल बसें भेजी गई हैं।

स्पेशल बसों का दौर जारी
हमीरपुर डिपो ने गुरुवार को दिल्ली के तीन, चंडीगढ़ के लिए तीन और नालागढ़ के लिए पांच स्पैशल बसें भेजी गई हैं, जोकि यात्रियों को लेकर हमीरपुर पहुंच गई हैं। निगम की स्पेशल बसों का दौर शनिवार को भी इसी तरह जारी रहेगा। ऐसे में लोकल रूट के यात्रियों को सोमवार से ही रूट पर रूटीन में बसें दौड़ती नजर आएगीं।


कंडक्टरों की छुट्टियां रद्द
एचआरटीसी ने अपने ड्राइवर-कंडक्टरों की छुट्टियां भी दीपावली पर्व को देखते हुए रद्द कर दी हैं, ताकि यात्रियों को बिना स्टाफ के परेशान न होना पड़े। निगम स्टाफ को एमरजेंसी में ही अवकाश मुहैया करवाया जा रहा है।