30 नवंबर तक सुधारने के निर्देश, नगर निगम आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
शिमला शहर में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बनाई गई ऑकलैंड और एसडीए कॉम्प्लेक्स विकासनगर की पार्किंग के संचालन में कई खामियां सामने आई हैं। नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल ने मंगलवार को दोनों पार्किंग का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कहीं वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण नहीं मिला तो कहीं पार्किंग आवंटित होने के बावजूद वाहन बाहर खड़े पाए गए। पार्किंग में सफाई व्यवस्था भी बदहाल मिली। निरीक्षण के बाद आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी खामियां दूर करने और दोनों पार्किंग का संचालन व्यवस्थित करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके लिए 30 नवंबर तक की समयसीमा तय की गई है। ऑकलैंड पार्किंग के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वाहन बिना किसी रोक-टोक के अंदर आ-जा रहे हैं। पार्किंग में कई बाहरी राज्यों के वाहन और टैक्सियां भी खड़ी मिलीं। वाहनों के लिए स्लॉट की मार्किंग सही तरीके से नहीं की गई थी।
कई वाहन ऊपरी मंजिल पर जाने वाले रैंप पर ही खड़े कर दिए गए थे। स्लॉट भी अव्यवस्थित तरीके से बनाए गए थे। कुछ जगह वाहनों के मुडऩे तक के लिए पर्याप्त जगह नहीं छोड़ी गई थी। पार्किंग के प्रवेश पर बैरियर या चैन भी नहीं मिली। इसके अलावा फ्लोर के हिसाब से पार्किंग का नक्शा भी उपलब्ध नहीं था, जिससे वाहन मालिकों को अपना निर्धारित स्लॉट ढूंढने में परेशानी हो सकती है। एसडीए कॉम्प्लेक्स पार्किंग में भी स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। यहां लोहे की चैन लगी हुई थी, लेकिन वाहन पार्किंग के अंदर खड़े होने के बजाय बाहर खड़े पाए गए। मौके पर नगर निगम का कोई कर्मचारी भी तैनात नहीं था। निरीक्षण के दौरान करीब 90 प्रतिशत पार्किंग खाली मिली। दोनों पार्किंग परिसरों में जगह-जगह गंदगी और कूड़ा बिखरा हुआ था।
वाहन नंबर के साथ स्लॉट की होगी पार्किंग
आयुक्त सचिन कंवल ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक पार्किंग स्लॉट पर उसका नंबर और संबंधित वाहन का नंबर पेंट किया जाएगा। वाहन मालिक को केवल उसी निर्धारित स्लॉट में गाड़ी खड़ी करनी होगी। मार्किंग से पहले यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी स्लॉट भरने की स्थिति में भी वाहनों की आवाजाही के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध रहे। इसके अलावा बड़ी पार्किंग में फ्लोरवार लेआउट तैयार कर प्रवेश द्वार पर लगाया जाएगा।
कर्मचारी और सीसीटीवी से होगी निगरानी
दोनों पार्किंग में वाहनों के आवागमन और व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि वाहनों की सुरक्षा और पार्किंग की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। आयुक्त ने अधिशाषी अभियंता (मार्ग एवं भवन), संपदा शाखा और
परियोजना शाखा को निर्देशों
की समयबद्ध अनुपालना सुनिश्चित करने को कहा है। एक सप्ताह
बाद इन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।