आज डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री करेंगे अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेले का शुभारंभ

छह दिवसीय मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने की तैयारी, परशुराम ताल और रेणुका झील परिसर में नहीं लगेंगे व्यापारिक स्टॉल

निजी संवाददाता-श्रीरेणुकाजी
अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेला-2026 का शुभारंभ 19 नवंबर को हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करेंगे। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने श्रीरेणुकाजी में मेले की तैयारियों का जायजा लेने के बाद यह जानकारी दी। उपायुक्त ने बताया कि छह दिवसीय मेले का आयोजन माननीय उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा। मेले के शुभारंभ से पहले उपमुख्यमंत्री संगड़ाह और ददाहू बस स्टैंड की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद ददाहू से लानाचेता और ददाहू से पांवटा साहिब के लिए बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

प्लास्टिक मुक्त मेले के लिए विशेष इंतजाम
उपायुक्त ने बताया कि मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए परिसर में विभिन्न स्थानों पर जागरूकता संबंधी साइन बोर्ड और होर्डिंग लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं और आगंतुकों को प्लास्टिक का उपयोग न करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके लिए प्राकृतिक पत्तों से बनी पत्तलों की व्यवस्था भी की गई है।


झील परिसर में नहीं लगेंगे व्यापारिक स्टॉल
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि उच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत परशुराम ताल और रेणुका झील परिसर में किसी भी प्रकार के व्यापारिक स्टॉल नहीं लगाए जाएंगे। मेले के दौरान स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा स्कूलों और महाविद्यालयों के एनएसएस स्वयंसेवियों के साथ बैठक कर सहयोग मांगा गया है।