बाबा बाल जी महाराज ने प्रवचनों के माध्यम से दिया भक्ति और सत्कर्म का संदेश
नगर संवाददाता-ऊना
संक्रांति के पावन अवसर पर कोटला कलां स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर एवं बाबा बाल जी आश्रम में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आश्रम पहुंचकर माथा टेका और बाबा बाल जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा। बाबा बाल जी महाराज ने श्रद्धालुओं को प्रवचनों के माध्यम से धर्म, भक्ति और सत्कर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। बाबा बाल जी महाराज ने कहा कि मनुष्य जीवन अनमोल है और इसे केवल सांसारिक मोह-माया में व्यर्थ नहीं गंवाना चाहिए। भगवान का स्मरण करने से मन को शांति मिलती है और जीवन में सकारात्मकता आती है। उन्होंने कहा कि इंसान को अपने कर्म अच्छे रखने चाहिए और जरूरतमंदों की सेवा को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। सच्ची भक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि दूसरों के प्रति प्रेम, दया और सद्भाव रखना भी भक्ति का ही रूप है। उन्होंने श्रद्धालुओं से युवाओं को संस्कारों और धार्मिक मूल्यों से जोडऩे का आह्वान किया। कहा कि परिवार और समाज में अच्छे संस्कारों का वातावरण तैयार करना जरूरी है, ताकि नई पीढ़ी सही दिशा में आगे बढ़ सके। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और धार्मिक गतिविधियों में भाग लेकर पुण्य लाभ कमाया। संक्रांति के अवसर पर आश्रम में दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने बाबा बाल जी महाराज का आशीर्वाद लिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान आश्रम परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।